जमशेदपुर : मानगो की जनता के आशीर्वाद और अभूतपूर्व समर्थन से मेयर पद पर ऐतिहासिक विजय दर्ज करने के बाद सुधा गुप्ता ने मानगो में भव्य विजय जुलूस सह आभार यात्रा निकाली। पूरे क्षेत्र में लोकतांत्रिक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने यह संदेश दिया कि यह जीत जनता के विश्वास की जीत है।
डिमना से शुरू हुई आभार यात्रा
आभार यात्रा की शुरुआत डिमना अविनाश नगर से हुई। जुलूस का नेतृत्व उपेंद्र सिंह मस्तान ने किया, जबकि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी खुली जिप्सी में सवार होकर यात्रा में शामिल हुए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह समेत हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न वर्गों के लोग उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए।
नारों और पुष्पवर्षा से गूंजा मानगो
पूरे मानगो क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्प वर्षा और “सुधा-बन्ना जिंदाबाद” के नारों से माहौल उत्सवमय हो गया। लोगों ने जगह-जगह स्वागत द्वार बनाकर नवनिर्वाचित मेयर का अभिनंदन किया। लोकतंत्र के इस महापर्व को जनता ने खुले दिल से मनाया।
मंदिरों में की पूजा-अर्चना
करीब दोपहर एक बजे जुलूस शिरोमन नगर स्थित भगवान शिव मंदिर पहुंचा, जहां पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद डिमना रोड होते हुए बड़ा हनुमान मंदिर में दर्शन किए गए। पारडीह के काली मंदिर में माँ काली की आराधना कर आशीर्वाद लिया गया।
यात्रा ओल्ड पुरुलिया रोड होते हुए साकची के शिव मंदिर और कदमा रणकनी मंदिर तक पहुंची, जहां पूजा के बाद जुलूस कदमा आवास पर समाप्त हुआ।
“यह जीत जनता की है”
इस अवसर पर सुधा गुप्ता ने कहा, “यह जीत मेरी नहीं, बल्कि मानगो की हर माँ-बहन, युवा और मेहनतकश नागरिक की जीत है। आपने जो विश्वास मुझ पर जताया है, उसे मैं विकास और पारदर्शिता से निभाऊंगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जुलूस शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि जनता के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है।
समान विकास का वादा
सुधा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य होंगे। महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
बन्ना गुप्ता ने कहा कि विकास के मुद्दे पर मिली यह जीत आने वाले समय में “बैटर और ग्रेटर मानगो” के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगी।
पूरी आभार यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुई, जिसमें प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा।




