जमशेदपुर । प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शुमार सेक्रेट हार्ट कॉन्वेंट स्कूल ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मजदूर दिवस) के शुभ अवसर पर एक बेहद सराहनीय और ऐतिहासिक पहल की है। स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के बच्चों को सुरक्षित लाने और ले जाने वाले सभी वाहन चालकों को उनकी अनवरत सेवा के लिए सम्मानित किया गया। यह पूरा कार्यक्रम विद्यालय की मैनेजर सिस्टर सरीना ऐसी, प्रिंसिपल सिस्टर स्टेफी ऐसी और वाइस प्रिंसिपल सिस्टर जयशांता ऐसी की देखरेख और कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, उपहार देकर हुआ अभिनंदन
इस विशेष अवसर पर स्कूल के सभी वाहन चालकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। विद्यालय के विशाल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा मनमोहक और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की इन खूबसूरत प्रस्तुतियों को देखकर वहां उपस्थित सभी चालक भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के दौरान सभी वाहन चालकों को ससम्मान स्वादिष्ट जलपान कराया गया और विद्यालय प्रबंधन की ओर से उन्हें विशेष उपहार भेंट कर उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया। इस दौरान चालकों के चेहरे पर एक अलग ही खुशी और संतुष्टि नजर आ रही थी।
चालकों के समर्पण से ही स्कूल बना झारखंड का नंबर वन संस्थान
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने खुले मन से वाहन चालकों के अमूल्य योगदान की सराहना की। प्रबंधन ने कहा कि इन चालकों के अथक सहयोग, समर्पण और वर्षों की निस्वार्थ सेवा के कारण ही आज सेक्रेट हार्ट कॉन्वेंट स्कूल केवल पूर्वी सिंहभूम में ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड राज्य के प्रतिष्ठित और नंबर वन विद्यालयों की श्रेणी में गिना जाता है। यह पल इसलिए भी बेहद खास था क्योंकि लगभग 79 वर्षों से अधिक पुराने इस प्रतिष्ठित विद्यालय के इतिहास में यह पहली बार था जब स्कूल ने अपने वाहन चालकों को विद्यालय प्रांगण में बाकायदा आमंत्रित कर इस प्रकार सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया है।
दशकों की सेवा के बाद मिला ऐसा सम्मान, गौरवान्वित हुए सभी चालक
विद्यालय प्रबंधन के इस स्नेह और सम्मान को पाकर सभी वाहन चालक बेहद भावुक नजर आए। वाहन चालकों की ओर से भी विद्यालय प्रबंधन और सभी सिस्टरों के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया गया। चालकों ने बताया कि उनमें से कई लोग पिछले 30 वर्ष, 25 वर्ष और 20 वर्षों से निरंतर इस विद्यालय और यहां के बच्चों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन अपने जीवनकाल में पहली बार उन्हें विद्यालय प्रांगण के अंदर इस प्रकार सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान ने उनका सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है और वे खुद को अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
इस ऐतिहासिक सम्मान समारोह में मुख्य रूप से पॉल ट्रैवल्स (पॉल दा), मुन्ना, रोहित, गुड्डू, राजा, बाबू, प्रताप, जोन, मंगल, आशुतोष सिंह, यादव, पाण्डे सहित कई अन्य सदस्य और चालक अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए इस खास पल के गवाह बने।




