
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर कैंपस स्थित इंडोर स्टेडियम में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो डॉ इला कुमार के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में योग विभाग की छात्राओं ने पारंपरिक रूप से चंदन तिलक लगाकर सभी अतिथियों, पदाधिकारी गणों और छात्राओं का स्वागत किया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन वाणिज्य संकाय अध्यक्ष दीपा शरण, कुलसचिव (शैक्षणिक) अन्नपूर्णा झा, कुल सचिव सलोमी कुजूर, पूर्व कुलसचिव राजेन्द्र जायसवाल, खेल एवं संस्कृति विभाग अध्यक्ष सनातन दीप, आई क्यू ए सी निदेशक रत्ना मित्रा, इतिहास विभाग अध्यक्ष माधुरी प्रियदर्शिनी, योगाचार्य रवि शंकर नेवार एवं शाश्वती मैती के संयुक्त तत्वाधान में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: स्वस्ति योग सेंटर ने मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर हुआ भव्य आयोजन
योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर
वाणिज्य संकाय अध्यक्ष दीपा शरण ने अपने स्वागत उद्बोधन में उपस्थित सभी लोगों को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं कुलसचिव (शैक्षणिक) अन्नपूर्णा झा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे दैनिक जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बनाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा
“योग को जीवन में अपनाकर हम संपूर्ण स्वास्थ्य (शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आध्यात्मिक) को प्राप्त कर सकते हैं और अपने व्यक्तित्व को निखार सकते हैं।”
मनमोहक योग नृत्य और सम्मान समारोह
इस अवसर पर योग विभाग की छात्राओं ने एक बेहद खूबसूरत और मनमोहक योग नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे वहां मौजूद सभी अधिकारियों और शिक्षकों ने खूब सराहा। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी योग दिवस कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया।
अधिष्ठाता दीपा शरण के हाथों विद्यार्थियों में बरनाली पात्रा, गैर शैक्षणिक स्टाफ में सौरीश कुंडू एवं शैक्षणिक स्टाफ में अन्नपूर्णा झा को ‘मेमेंटो’ देकर सम्मानित किया गया।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर में खिलाड़ियों ने संभाली कमान, नशामुक्ति के लिए निकाली जोरदार पैदल रैली
छात्राओं और स्टाफ की रही सक्रिय भागीदारी
समारोह के दौरान योग के निर्धारित प्रोटोकॉल का अभ्यास योग विभाग की योगाचार्य शाश्वती मैती द्वारा कराया गया। मंच का सफल संचालन योग विभाग के रवि शंकर नेवार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन खेल एवं संस्कृति विभाग अध्यक्ष सनातन दीप द्वारा दिया गया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में योग विभाग की सर्टिफिकेट कोर्स की छात्राओं, एमए योग (द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर) की छात्राओं के साथ-साथ एनसीसी (NCC) और एनएसएस (NSS) की छात्राओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। मौके पर विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकगण, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।


