
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले को पूरी तरह से मलेरिया मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक्शन मोड में आ गया है। जिले में मलेरिया नियंत्रण और रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर सर्विलांस, जांच और त्वरित उपचार का महाभियान चलाया जा रहा है। पिछले दो सप्ताह (29 जून से 12 जुलाई 2026 तक) में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC), शहरी स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल के माध्यम से कुल 1,04,459 लोगों की मलेरिया जांच की गई है। व्यापक जांच के बावजूद राहत की बात यह है कि जिले की कुल मलेरिया पॉजिटिविटी दर मात्र 1.96 प्रतिशत दर्ज की गई है।

एक लाख से ज्यादा जांच, 1895 मरीज मिले पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी विस्तृत आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,04,459 जांचों में 96,478 आरडीटी (RDT) और 7,981 स्लाइड जांच शामिल हैं। इस अवधि में कुल 1,895 मरीज मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें पी. फाल्सीपेरम (PF) के 1,491, पी. विवैक्स (PV) के 353 और मिश्रित (Mixed) संक्रमण के 51 मामले सामने आए हैं। जांच के मामले में पोटका CHC सबसे आगे रहा, जहां सर्वाधिक 24,657 लोगों के सैंपल लिए गए। वहीं, मुसाबनी में 15,150, घाटशिला में 12,121 और डुमरिया में 11,060 जांच की गई।
पोटका और डुमरिया में सर्वाधिक मामले, मानगो रहा सुरक्षित
जिले के ग्रामीण और जंगली क्षेत्रों में मलेरिया का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक पॉजिटिव मरीज पोटका (667), डुमरिया (427), मुसाबनी (344) और घाटशिला (212) से मिले हैं, जिसके बाद इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ा दी गई है। शहरी क्षेत्रों की स्थिति बेहतर है; अर्बन मानगो में इस दौरान एक भी मलेरिया पॉजिटिव केस नहीं मिला, जबकि अर्बन बिरसानगर में केवल 2 मामले दर्ज किए गए। सदर अस्पताल की पॉजिटिविटी दर 14.36% रही, क्योंकि वहां मुख्य रूप से गंभीर और रेफर किए गए संदिग्ध मरीजों की ही जांच की जाती है।
12 जुलाई की स्थिति: 69 नए मरीज, छिड़काव अभियान जारी
रविवार (12 जुलाई 2026) की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 11,184 मलेरिया जांच (10,287 RDT और 897 स्लाइड) की गई, जिसमें 69 नए पॉजिटिव केस मिले। इनमें PF के 50, PV के 15 और Mixed के 4 मामले हैं। आज मिले मरीजों में पोटका से 33, घाटशिला से 13, मुसाबनी से 12, डुमरिया से 6, पटमदा से 4 और धालभूमगढ़ से 1 मरीज शामिल है। मलेरिया नियंत्रण के तहत आज धालभूमगढ़ के एक और पोटका के दो गांवों में इंडोर रेज़िडुअल स्प्रे (IRS) का छिड़काव कराया गया है।
READ MORE :SOUTH EASTERN RAILWAY :श्रावणी मेला पर शिवभक्तों को रेलवे की सौगात, महादेवसाल स्टेशन पर रुकेंगी 4 जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें
स्वास्थ्य विभाग की सख्त अपील: बुखार को हल्के में न लें
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बुखार आने पर खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र जाकर मुफ्त मलेरिया जांच कराएं। मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए घर के आसपास जलजमाव न होने दें, रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और सर्वे के लिए आने वाली स्वास्थ्य टीमों का पूरा सहयोग करें।


