
जमशेदपुर: राजधानी रांची में जेपीएससी और जेएसएससी (JPSC-JSSC) के छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और कथित अत्याचार के विरोध में आहूत ‘झारखंड बंद’ (Jharkhand Bandh) का जमशेदपुर में व्यापक असर देखने को मिला। मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिष्टुपुर मंडल द्वारा झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी (Dr. Dineshanand Goswami) के नेतृत्व में एक विशाल और पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिष्टुपुर सहित पूरे जमशेदपुर बंद को सफल बनाया। यह पैदल मार्च बिष्टुपुर राम मंदिर से शुरू होकर थाना गोलचक्कर तक गया और वापस राम मंदिर पर आकर संपन्न हुआ, जिसमें भारी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
‘JPSC-JSSC मामले की हो CBI जांच, दमन नहीं संवाद करे सरकार’
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जटाशंकर पांडे ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और एक बड़ी मांग रखी। उन्होंने कहा, “झारखंड के युवा आज अपने भविष्य और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं। JPSC-JSSC से जुड़े मामलों में छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनने के बजाय, उनके आंदोलन के दौरान जिस प्रकार की दमनकारी कार्रवाई हुई, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।”
CBI जांच की मांग: उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि JPSC-JSSC मामले की एक निष्पक्ष CBI जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों की जवाबदेही तय हो।
दमन नहीं, संवाद: पांडे ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान पारदर्शी जांच से ही संभव है। सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों (विशेषकर गोलमुरी और अन्य क्षेत्रों के) द्वारा बंद को दिए गए समर्थन के लिए आभार भी व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें: Jamshedpur News: यात्रियों के लिए गुड न्यूज़! टाटा के लंबे होंगे प्लेटफॉर्म 4 और 5, लाइन 6-7 के बीच बनेगा पार्सल प्लेटफॉर्म
‘अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर खड़ा है जमशेदपुर’
कार्यक्रम के समापन पर बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन पांडेय ने बंदी को पूरी तरह सफल बताया। उन्होंने कहा, “आज के संपूर्ण जमशेदपुर बंद को सफल बनाने के लिए हम सभी सम्मानित नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का हृदय की गहराइयों से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हैं। आप सभी ने विद्यार्थी के न्याय की मांग को मजबूती प्रदान करते हुए लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपना समर्थन दिया है। यह जनसमर्थन दर्शाता है कि पूरा जमशेदपुर अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर खड़ा है।”
प्रदर्शन में इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी के साथ भाजपा के कई दिग्गज नेता उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जटाशंकर पांडे और राजेश शुक्ला, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, जिला कार्यसमिति के सदस्य हरि किशोर तिवारी और महेश्वर प्रताप सिंह, बिष्टुपुर मंडल प्रभारी तन्मय झा, पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार शाह शामिल थे। इनके अलावा पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरंजन राय व ललन द्विवेदी, बिष्टुपुर मंडल अध्यक्ष मारुति नंदन पाण्डेय, राजेश कुमार सिंह, महामंत्री विश्वनाथ दीप, मंडल उपाध्यक्ष अशोनि मुखी, कार्यालय मंत्री प्रदीप मूर्ति, बागाजी, बीरेन मानसिंह, कोषाध्यक्ष पीनाकी ठक्कर, श्रवण कुमार और देवदत्त मुखर्जी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मार्च में हिस्सा लिया।

