
जमशेदपुर : शहर का बहुप्रतीक्षित स्वदेशी मेला इस वर्ष 8 से 16 अक्टूबर 2025 तक बिस्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होगा। मेले का उद्घाटन 8 अक्टूबर की शाम 5:30 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मौजूद रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक पूर्णिमा साहू, टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉर्पोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम, और झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी उपस्थित रहेंगे।


स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित यह मेला देश की आर्थिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगाया जा रहा है। 2001 में मात्र 100 स्टॉल्स से शुरू हुआ यह मेला आज 300 से अधिक स्टॉल्स वाला शहर का सबसे बड़ा सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है।
इस वर्ष मेले में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बंगाल, तमिलनाडु, गुजरात, बिहार समेत कई राज्यों के व्यापारी और हस्तशिल्पी शामिल होंगे। हैंडीक्राफ्ट, खादी, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, एजुकेशन, रियल एस्टेट, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर सिस्टम, फर्नीचर और FMCG सेक्टर से जुड़े स्टॉल्स लगेंगे।
मेले की विशेष आकर्षण नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का स्टॉल होगा जो निवेश से संबंधित जानकारी प्रदान करेगा। इसके साथ खादी ग्रामोद्योग आयोग, अरका जैन यूनिवर्सिटी, आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी, नीलकमल फर्नीचर, और आरएसबी ट्रांसमिशन जैसी संस्थाओं की प्रमुख भागीदारी रहेगी।
स्वदेशी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं बल्कि स्वदेशी विचारधारा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। प्रतिदिन विभिन्न प्रतियोगिताएँ होंगी जिनमें रंगोली, मेंहदी, योग, भारत ज्ञान क्विज, शंख बजाओ प्रतियोगिता और महापुरुषों की वेशभूषा शामिल हैं। साथ ही शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास पर गोष्ठियाँ और परिचर्चाएँ भी होंगी।
हर शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा जिसमें छऊ नृत्य, लोक नृत्य, देशभक्ति गीत, जादू शो, ग़ज़ल, नुक्कड़ नाटक आदि प्रस्तुत किए जाएंगे। इस बार शहर के नए कलाकारों के लिए “खुला मंच” भी तैयार किया गया है ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर मिल सके।
शहरवासियों के लिए फूड स्टॉल्स, बच्चों के झूले और मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9:30 बजे तक खुला रहेगा और प्रवेश निःशुल्क रहेगा।


