
जमशेदपुर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत सोमवार को जमशेदपुर समाहरणालय में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के बीच जिला स्तरीय व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक व्यंजन तैयार करने और संतुलित आहार के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना रहा।
यह आयोजन मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत चल रहे 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के क्रम में हुआ। पोषण माह का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार किए पौष्टिक व्यंजन
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों द्वारा चयनित एक-एक आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिकाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने स्थानीय और आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल करते हुए पोषक तत्वों से भरपूर अलग-अलग व्यंजन तैयार कर प्रस्तुत किए।
आयोजन के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि संतुलित और पौष्टिक भोजन के लिए हमेशा महंगी खाद्य सामग्री जरूरी नहीं है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों को सही तरीके से शामिल कर परिवार के लिए पौष्टिक भोजन तैयार किया जा सकता है।
गोलमुरी-जुगसलाई को प्रथम पुरस्कार
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में गोलमुरी-सह-जुगसलाई बाल विकास परियोजना कार्यालय को प्रथम पुरस्कार मिला। इसके लिए 5,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
वहीं बोड़ाम बाल विकास परियोजना कार्यालय ने दूसरा स्थान हासिल किया और उसे 3,000 रुपये का पुरस्कार मिला। बहरागोड़ा बाल विकास परियोजना कार्यालय को तीसरा स्थान मिला, जिसके लिए 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी दिया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :घाटशिला के जोतिंदिह में लगा स्वास्थ्य शिविर, 190 की जांच और 200 से अधिक ग्रामीणों को मिले वस्त्र
पोषण की गुणवत्ता पर उपायुक्त ने दिया जोर
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि पोषण केवल भोजन की मात्रा से संबंधित नहीं है, बल्कि भोजन की गुणवत्ता और उसमें मौजूद आवश्यक पोषक तत्व भी महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती और धात्री माताओं, शिशुओं तथा बच्चों तक पोषण संबंधी संदेश पहुंचाने में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उपायुक्त ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने की पहल को परिवारों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पोषण के प्रति व्यवहार परिवर्तन और जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।


