
एफटीएस और रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट की पहल
प्रोजेक्ट पॉजिटिव हेल्थ के तहत मिली मुफ्त डॉक्टरी सलाह व दवाइयां
जमशेदपुर.
फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) और रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट (आरसीजीडब्ल्यू) के संयुक्त तत्वावधान में घाटशिला अनुमंडल के जोतिंदिह गांव स्थित एकल विद्यालय में स्वास्थ्य जांच शिविर और वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. रोटरी के ‘प्रोजेक्ट पॉजिटिव हेल्थ’ के तहत आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना था.
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: प्रयत्न संस्था के रक्तदान शिविर में युवाओं और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
190 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच और नि:शुल्क दवा वितरण
शिविर के दौरान जोतिंदिह और आसपास के क्षेत्रों से आए 190 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई. इसमें कद, वजन, ब्लड शुगर, दांत और आंखों की जांच शामिल रही. जांच में 33 लोगों की आंखों का विशेष परीक्षण किया गया, जिनमें से 6 लोगों को चश्मे और 4 लोगों को मोतियाबिंद ऑपरेशन की सलाह दी गई. डॉक्टर सलाका गुप्ता और डॉक्टर अजय कुमार समेत अन्य डॉक्टरों ने मरीजों को चिकित्सीय परामर्श दिया और जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां भी बांटीं.
170 एकल विद्यालयों के जरिए शिक्षा और संस्कार का प्रसार
इस मौके पर एफटीएस के अध्यक्ष राजेश मित्तल ने बताया कि संस्था द्वारा घाटशिला क्षेत्र में 170 और देशभर में 1 लाख से अधिक एकल विद्यालय चलाए जा रहे हैं. इन विद्यालयों में 5 से 10 वर्ष के बच्चों को नियमित स्कूली पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक मूल्यों की शिक्षा भी दी जाती है.
200 से अधिक जरूरतमंदों के बीच वस्त्र वितरण
स्वास्थ्य जांच के साथ ही रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट के ‘क्लोथ्स बैंक’ अभियान के तहत जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच कपड़ों का वितरण भी किया गया. इससे 200 से अधिक पुरुष, महिला और बच्चे लाभान्वित हुए.
सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम का नेतृत्व एफटीएस की ओर से अध्यक्ष राजेश मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागड़िया, सचिव संजय गोयल, कोषाध्यक्ष मनीष मूनका व कमल गुप्ता ने किया. वहीं रोटरी क्लब की ओर से अध्यक्ष रूबी भाटिया और पीडीजी प्रतिम बनर्जी के नेतृत्व में अशोक झा, विनिता झा, ध्रुव अग्रवाल, नमन अग्रवाल, सुचंदा बनर्जी, श्वेता चांद, सीमा तिवारी, कमलेंदु शुक्ला, अनिल धनधानिया, राधिका धनधानिया, संजीव सहगल, अनुपमा सहगल, कृष्णा प्रकाश, नीलिमा प्रकाश और अंजनी के. सहाय समेत कई सदस्यों व स्वयंसेवकों ने सक्रिय योगदान दिया.


