
जमशेदपुऱ।


शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के स्वास्थ्य लाभ हेतु घोड़ाबांधा ग्रामवासियों ने जाहेरथान में की पूजा-अर्चना जमशेदपुर।झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री श्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर घोड़ाबांधा गांव के सभी ग्रामवासियों ने रविवार को जाहेरथान में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान में ग्रामीणों ने मारंग बुरु, जाहेर आयो, लिटा गोंसाई, और मोड़े को तुरुय जैसे आदिवासी आस्था के देवताओं से श्री सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
श्री रामदास सोरेन स्वयं घोड़ाबांधा गांव के माझी बाबा और नायके हैं, जिन्हें गांव की सामाजिक-धार्मिक व्यवस्था में एक प्रमुख स्थान प्राप्त है। उनका स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा है, जिसे लेकर न सिर्फ राजनीतिक बल्कि सामाजिक स्तर पर भी चिंता व्यक्त की जा रही है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : लायंस क्लब जमशेदपुर प्रीमियम ने सहयोग विलेज में किया सेवा कार्य
पूजा-अर्चना कार्यक्रम में गांव के बड़े-बुजुर्ग, बुद्धिजीवी वर्ग, और सभी ग्रामवासी उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में श्री रामदास सोरेन के पूर्ववत स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।
गांव में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार जाहेरथान में की गई यह पूजा न केवल सामूहिक आस्था का प्रतीक रही, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि गांव के लोग अपने प्रतिनिधियों के प्रति कितने भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।
बता दें कि झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री और घाटशिला विधायक रामदास सोरेन बीते शनिवार सुबह अपने आवास पर बाथरूम में फिसलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गिरने के दौरान उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से दिल्ली भेजा गया। वर्तमान में उनका इलाज दिल्ली के ओपोलो अस्पताल में चल रहा है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें रखा गया है।
सूत्रों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारी और मुख्यमंत्री कार्यालय भी उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :पद्मश्री जमुना टुडू को राष्ट्रपति का विशेष आमंत्रण, डाक विभाग ने पहुंचाया न्योता
शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन झारखंड के एक जमीनी नेता माने जाते हैं और घाटशिला क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं। उनके अचानक अस्वस्थ होने की खबर से क्षेत्रीय जनता, राजनीतिक सहयोगी और समर्थकों में चिंता का माहौल है। राज्य भर से उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं की जा रही हैं।



