सोनारी वेस्ट लेआउट के रोड नंबर 8 और रोड नंबर 7 में पिछले दो महीनों से रसोई गैस का रिसाव हो रहा है. गैस की लगातार आ रही दुर्गंध से स्थानीय निवासी बेहद परेशान और दहशत में हैं. इस संबंध में इलाके के निवासी और गेल (Gail) गैस के उपभोक्ता जवाहर लाल शर्मा ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग की है.
पत्र में उल्लेख किया गया है कि रोड नंबर 8 और 7 के घरों के अलावा चिल्ड्रेन पार्क में आने वाले लोगों और खेलने वाले बच्चों को भी गैस की महक महसूस होती है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे 24 घंटे इस स्थिति में रहने को मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है.
शिकायतों के बावजूद अधिकारी बेपरवाह
उपभोक्ताओं ने बताया कि गेल (इंडिया) के सोनारी स्थित कार्यालय और बिष्टुपुर स्थित हेड ऑफिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है. शिकायत के बाद गेल की तरफ से आने वाले लोग समस्या का समाधान नहीं कर पाए. निवासियों ने आरोप लगाया है कि अब कंपनी के प्रतिनिधि उनका फोन उठाना भी बंद कर चुके हैं. उपायुक्त को लिखे पत्र में जवाहरलाल शर्मा ने उपरोक्त बातों की जानकारी दी है.
पत्र के माध्यम से पब्लिक लायबिलिटी इंश्योरेंस एक्ट (Public Liability Insurance Act) का हवाला देते हुए जवाहरलाल शर्मा ने सवाल उठाया है कि क्या गेल कंपनी ने नियमानुसार जनता का इंश्योरेंस कराया है या नहीं. उन्होंने उपायुक्त से जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है ताकि कंपनी लोगों की सेहत से खिलवाड़ न कर सके.