जमशेदपुर। बीते कुछ दिन पूर्व गालूडीह थाना क्षेत्र के पुत्रू गांव निवासी तारापदो महतो की निर्मम हत्या की घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस दुखद घटना को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
परिजनों को दिया न्याय का आश्वासन
पीड़ित परिवार से बातचीत के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि यह एक जघन्य अपराध है और इसमें शामिल किसी भी दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि झामुमो पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है और उन्हें हर हाल में न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
अंतिम संस्कार को लेकर की अपील
इस दौरान उन्होंने परिजनों से आग्रह किया कि वे शीघ्र अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराएं, ताकि प्रशासन को आगे की कानूनी कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों तक पहुंचने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस अधिकारियों से की सीधी बातचीत
कुणाल षाड़ंगी ने मृतक तारापदो महतो के बड़े भाई श्री षष्ठी महतो को साथ लेकर पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मामले की त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इसके अलावा उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से भी फोन पर बात कर पूरे मामले पर संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
“अपराधियों को नहीं मिलेगा संरक्षण”
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार है, जहां अपराधियों को न तो कोई संरक्षण मिलेगा और न ही किसी दोषी को छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता है।
झामुमो पीड़ित परिवार के साथ
कुणाल षाड़ंगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। पार्टी स्तर पर भी मामले की निगरानी की जा रही है और जब तक दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।




