
जमशेदपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) ने एक बड़ा कदम उठाया है। एकल विद्यालयों के सुचारू संचालन, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर एफटीएस, जमशेदपुर चेप्टर के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागडोदिया और सचिव सीए संजय गोयल ने घाटशिला अंचल के कुकरू एवं पटमदा ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान आयोजित मासिक समिति और आचार्य बैठकों में ग्रामीण विकास की अहम रणनीतियों पर चर्चा की गई।


शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण पर जोर
एफटीएस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एकल विद्यालय केवल अक्षर ज्ञान देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों के संस्कार, संस्कृति और समग्र व्यक्तित्व निर्माण का एक बड़ा अभियान है। इन विद्यालयों में कक्षा 1 से 3 तक के लगभग 30 बच्चों को स्थानीय आचार्य खेल-खेल में शिक्षा देते हैं। इसके साथ ही बच्चों को भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है, ताकि उनका मानसिक व सामाजिक विकास हो सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा नशामुक्ति जागरूकता अभियान
बैठक के दौरान पटमदा क्षेत्र के अध्यक्ष शिव शंकर महतो ने ग्रामीण इलाकों को नशामुक्त बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया। इस पर एफटीएस ने तत्काल सहमति जताते हुए निर्णय लिया कि भविष्य में आयोजित होने वाले निःशुल्क चिकित्सा शिविरों में चिकित्सकों के सहयोग से नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जनजातीय और वनवासी समाज को नशे की बुराइयों से बचाकर एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण करना है।
170 एकल विद्यालयों के माध्यम से संवर रहा भविष्य
आपको बता दें कि वर्तमान में घाटशिला अंचल के नौ ग्रामीण क्षेत्रों में करीब 170 एकल विद्यालय सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जहां स्थानीय आचार्यों द्वारा बच्चों का भविष्य संवारा जा रहा है। जमशेदपुर चेप्टर इन विद्यालयों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक संसाधन अपने सदस्यों, दानदाताओं और विभिन्न कॉर्पोरेट संस्थानों के सहयोग से जुटाता है। एफटीएस के माध्यम से यह सामूहिक प्रयास वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
अभियान को सफल बनाने का लिया गया संकल्प
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में कुकरू क्षेत्र से सचिव रबि गोराई, ग्राम मुखिया गंगाधर सिंह, दिनेश महतो, महादेव महतो, नागेश्वर महतो, बिनेश्वर पोद्दार और दीपक कुमार शामिल हुए। वहीं, पटमदा क्षेत्र से अध्यक्ष शिव शंकर महतो, बदलु महतो, प्राणकृष्ण महतो, प्रणबानन्द महतो, कृष्ण पद महतो और निरंजन मांडी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया।


