
राजवाड़ा (देवघर)


विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाले लाखों शिवभक्तों की सेवा के लिए देवघर कांवरिया पथ पर आस्था और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। कांवरिया पथ स्थित राजवाड़ा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मां पुष्पा सेवा संस्थान ट्रस्ट की संस्थापिका रितु सिंह की पहल पर एक माह तक चलने वाले नि:शुल्क कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। इस भव्य शिविर का उद्घाटन समाजसेवी सुनील खवाड़े ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कांवरियों की सेवा ही बाबा बैद्यनाथ की सच्ची भक्ति: सुनील खवाड़े
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सुनील खवाड़े ने कहा कि दूर-दराज के राज्यों से सैकड़ों किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर बाबानगरी पहुंचने वाले थके-मांदे कांवरियों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि नि:स्वार्थ भाव से कांवरियों की सेवा करना ही भगवान शिव की सच्ची भक्ति है। सुनील खवाड़े ने रितु सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कम समय में सामाजिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाली रितु सिंह का यह सेवा शिविर मानवता और जनसेवा की सर्वोत्तम मिसाल है। उन्होंने भरोसा दिया कि पूरे मेले के दौरान शिविर के सुचारू संचालन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
24 घंटे मिलेंगी नि:शुल्क सुविधाएं, प्राथमिक चिकित्सा की भी व्यवस्था
एक माह तक निरंतर चलने वाले इस सेवा शिविर में कांवरियों के विश्राम और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई है। शिविर में श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, चाय, गर्म भोजन, फलाहार, ठंडा शरबत और आराम करने के लिए सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही लंबी पैदल यात्रा के कारण पैरों में छाले और शारीरिक थकान से जूझ रहे शिवभक्तों के लिए प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) और मालिश की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है।
सास की प्रेरणा से शुरू हुआ सेवा का यह महाअभियान: रितु सिंह
शिविर की संचालिका रितु सिंह ने बताया कि इस सेवा कार्य को शुरू करने की प्रेरणा उन्हें अपनी सास से मिली। वे पिछले दो वर्षों से श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों के लिए नि:शुल्क शिविर लगा रही हैं। इस वर्ष सुविधाओं को पहले से अधिक बेहतर और सर्वसुविधायुक्त बनाया गया है। उनका मुख्य उद्देश्य बाबा धाम आने वाले कांवरियों की थकान मिटाकर उन्हें राहत पहुंचाना है। रितु सिंह ने कहा कि भविष्य में इस शिविर का दायरा और बढ़ाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिल सके।
उद्घाटन अवसर पर कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस मौके पर वीरेंद्र सिंह, प्रह्लाद राय, गोलू सिंह, राहुल रौशन, राहुल चौधरी, सत्य नारायण खवाड़े, मनोज पांडेय, दीपक दुबे, बबलू बलियासे, चांदमणि बलियासे, किशोर यादव, अर्जुन, प्रिंस और सुजीत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवक और कांवरिया बम उपस्थित रहे।



