
जमशेदपुर। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी में देर रात आपसी विवाद के बाद एक युवक पर फायरिंग की गयी। घटना में मोहम्मद राजा को दो गोलियां लगी हैं। परिजनों ने घायल राजा को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राजा के अनुसार, साकची निवासी इस्माइलु और काशीडीह निवासी कुट्टू के साथ किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों ने उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गया।
राजा ने पुलिस को बताया कि देर रात वह घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब चार राउंड गोली चलायी। इस दौरान दो गोलियां राजा को लगीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आये। हालांकि, तब तक दोनों हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाये हैं। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ायी जा रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और हमलावरों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है।

