जमशेदपुर में 25 साल बाद घर लौटे बुजुर्ग को परिजनों ने अपनाने से किया इनकार, ‘सम्पूर्ण आश्रय’ ने दिया सहारा
जमशेदपुर.
जमशेदपुर में मानवता की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है, जहाँ 25 वर्षों तक अपनों से दूर रहे एक बुजुर्ग को घर लौटने के बाद जब परिजनों ने अपनाने से इनकार कर दिया, तो अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार और ‘सम्पूर्ण आश्रय’ संस्था उनके लिए मसीहा बनकर सामने आई.
अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार की जिला उपाध्यक्ष सह ‘सम्पूर्ण आश्रय’ की अध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता शंकर की पहल पर इस निराश्रित बुजुर्ग को सुरक्षित आश्रय दिलाया गया है.
मानसिक अस्वस्थता के कारण 25 साल पहले छोड़ा था घर
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर निवासी संतोष साहू मानसिक अस्वस्थता के चलते आज से लगभग 25 वर्ष पूर्व अपना घर छोड़कर चले गए थे. पिछले 8 वर्षों से उनका इलाज कोलकाता स्थित ‘मेंटल हेल्थ राइट ऑर्गेनाइजेशन’ में चल रहा था. जब वे पूरी तरह स्वस्थ हो गए, तो अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें डिस्चार्ज कर जमशेदपुर स्थित उनके घर पहुंचाया.
परिजनों ने गरीबी का हवाला देकर साथ रखने से किया इनकार
जब बुजुर्ग संतोष साहू अपने घर पहुंचे, तो उनकी वृद्ध माता ने अत्यधिक गरीबी और अपनी असमर्थता का हवाला देते हुए उन्हें अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया. अपनों से ठुकराए जाने के बाद बुजुर्ग की स्थिति बेहद दयनीय हो गई.
श्रीमती सुष्मिता शंकर ने संभाली जिम्मेदारी
बुजुर्ग की इस बेबसी और लाचारी की सूचना जैसे ही श्रीमती सुष्मिता शंकर को मिली, उन्होंने तुरंत मामले का संज्ञान लिया.. उन्होंने सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए बुजुर्ग के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली. इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग को छाया नगर स्थित पुरुष आश्रय गृह में आश्रय दिलाने में मदद की.
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: सेंट्रल पब्लिक स्कूल में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई छठ पूजा
इनका रहा सराहनीय सहयोग
इस मानवीय कार्य को सफल बनाने में कोलकाता के ‘मेंटल हेल्थ राइट ऑर्गेनाइजेशन की सुश्री आनंदिता चक्रवर्ती, ‘सम्पूर्ण आश्रय’ के सदस्यों और अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार के पदाधिकारियों का बहुमूल्य सहयोग रहा.


