जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के प्रतिष्ठित आर वी एस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (RVSCET) के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कॉलेज के मेकैनिकल इंजीनियरिंग विभाग के 5 होनहार छात्रों का चयन जमशेदपुर स्थित जानी-मानी कंपनी ‘एपेक्स ऑटो प्राइवेट लिमिटेड’ में हुआ है। इस शानदार कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के बाद चयनित सभी छात्रों ने अपनी नई जिम्मेदारी संभालते हुए कंपनी जॉइन भी कर ली है। इस सफलता से कॉलेज परिसर में हर्ष का माहौल है और छात्रों के बीच एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
READ MORE :Summer Special Trains : चर्लपल्ली से बिहार-झारखंड के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए रुट और टाईमिंग
कोर सेक्टर की कंपनी में मिला सुनहरा अवसर
एपेक्स ऑटो प्राइवेट लिमिटेड मुख्य रूप से मिट्टी हटाने वाले भारी उपकरणों (Earth Moving Equipments) और उसके महत्वपूर्ण पुर्जों के निर्माण के लिए जानी जाती है। मेकैनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए इस कोर सेक्टर की कंपनी में करियर की शुरुआत करना एक बड़ा और सुनहरा अवसर माना जा रहा है। कंपनी द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देने से छात्रों का मनोबल भी काफी बढ़ा है।
कड़ी चयन प्रक्रिया से गुजरे 46 छात्र
इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में आर वी एस कॉलेज के अंतिम वर्ष (Final Year) के कुल 46 छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया था। कंपनी के एचआर और तकनीकी अधिकारियों द्वारा चयन प्रक्रिया को दो कठिन चरणों में विभाजित किया गया था।
प्रथम चरण (लिखित परीक्षा): प्लेसमेंट ड्राइव के पहले चरण में सभी 46 छात्रों की तकनीकी और तार्किक क्षमता को परखने के लिए एक लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 25 छात्रों ने सफलता हासिल की और अगले राउंड में प्रवेश किया।
द्वितीय चरण (पर्सनल इंटरव्यू): लिखित परीक्षा में सफल हुए 25 छात्रों का तकनीकी ज्ञान और आत्मविश्वास परखने के लिए व्यक्तिगत साक्षात्कार (Personal Interview) लिया गया। इस अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण दौर में कॉलेज के 5 छात्रों ने अपनी योग्यता साबित कर अंतिम रूप से चयन सूची में अपनी जगह पक्की की।
मेकैनिकल विभाग के इन 5 छात्रों ने लहराया परचम
एपेक्स ऑटो प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अंतिम रूप से चयनित सभी 5 छात्र मेकैनिकल इंजीनियरिंग विभाग के हैं। इनमें आदित्य राज, अमित यादव, आर्यन टुडु, अर्सलान अहमद अंसारी और आशीष कुमार शामिल हैं। कॉलेज के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट हेड प्रो. डॉ. विक्रम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी चयनित छात्रों ने बिना किसी देरी के कंपनी में अपना योगदान देना शुरू कर दिया है।
परिश्रम से मिलती है मंजिल: प्रबंधन ने दी बधाई
छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। प्राचार्य प्रो. डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “मुझे हमारे छात्रों की इस सफलता पर गर्व है। मैं कामना करता हूँ कि आप सभी जीवन में इसी तरह से तरक्की की सीढ़ियां चढ़ते रहें और संस्थान का नाम रोशन करें।”
वहीं, संस्थान के कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने छात्रों को प्रेरित और उनका मार्गदर्शन करते हुए कहा कि, “सच्ची लगन और मेहनत कभी भी व्यर्थ नहीं जाती है। जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए और सफलता के शिखर तक पहुंचने के लिए आने वाली चुनौतियों का सामना हमेशा दृढ़ता और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए।”





