जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर की बेटियों ने एक बार फिर शिक्षा और संस्कारों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय (Jamshedpur Women’s University) परिसर में ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली इंटरमीडिएट (12वीं कक्षा) की मेधावी छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे विश्वविद्यालय और शहर का नाम गौरवान्वित हुआ है।
प्रिया कुमारी राज्य स्तर पर तो मरजीना परवीन जिला स्तर पर अव्वल
भारतीय संस्कृति, सभ्यता और नैतिक मूल्यों पर आधारित इस महत्वपूर्ण ज्ञान परीक्षा में विश्वविद्यालय की 12वीं की छात्रा प्रिया कुमारी ने अपनी मेधा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य (State Level) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे झारखंड में विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
वहीं, 12वीं की ही एक अन्य होनहार छात्रा मरजीना परवीन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर (District Level) पर प्रथम स्थान हासिल कर जमशेदपुर का मान बढ़ाया है। इन दोनों छात्राओं की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा बनकर सामने आई है।
इन उत्कृष्ट छात्राओं को भी मिला मेडल और सम्मान
प्रिया और मरजीना के अलावा परीक्षा में बेहतरीन अंक लाने वाली अन्य छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों की सूची में शामिल प्रियंका कुमारी, प्रियंका यादव, स्मृति कुमारी, कनक महतो, अनुप्रिया सोरेन और संजना वर्मा को अतिथियों द्वारा मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके अलावा, इस परीक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन हेतु सर्टिफिकेट बांटे गए।
विश्वविद्यालय को मिला विशेष मोमेंटो, शिक्षा और विद्या पर हुई चर्चा
इस परीक्षा में सक्रिय और उत्कृष्ट भागीदारी निभाने के लिए जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वाणिज्य संकायाध्यक्ष सह भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा संचालिका डॉ. दीपा शरण ने छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा को मोमेंटो भेंट कर विश्वविद्यालय को पुरस्कृत किया।
संबोधन के दौरान डॉ. दीपा शरण ने उपस्थित छात्राओं को ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ के मुख्य उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने वक्तव्य में जीवन में शिक्षा (Education) और विद्या (Knowledge/Wisdom) के बीच के गहरे अंतर और आज के समाज में उसकी वास्तविक आवश्यकता को बेहद प्रभावशाली ढंग से समझाया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में मनी डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती, कविता और क्विज में छात्राओं ने दिखाया दम
समारोह में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा, विश्वविद्यालय के कुल अनुशासक डॉ. सुधीर कुमार साहू, डॉ. दीपा शरण, अंग्रेजी विभाग से डॉ. मनीषा टाइटस, हिंदी विभाग से डॉ. पुष्पा कुमारी और डॉ. नूपुर अन्विता मिंज, दर्शनशास्त्र विभाग से डॉ. अमृता कुमारी, राजनीति शास्त्र से डॉ. सोनाली, इतिहास से डॉ. माधुरी प्रियदर्शिनी, वाणिज्य से डॉ. कामिनी कुमारी एवं उर्दू विभाग से डॉ. रिजवाना परवीन ने अपने हाथों से विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया।
पूरे कार्यक्रम का बेहतरीन और सुचारू मंच संचालन योग विभाग के रवि शंकर नेवार ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन शाश्वती मैती द्वारा किया गया। इस अवसर पर योग विभाग के विद्यार्थियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।






