
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में युवाओं के चरित्र निर्माण और समाजसेवा को नई दिशा देने के लिए भारत स्काउट एंड गाइड, पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय ने कमर कस ली है। साकची स्थित आम बागान मुख्यालय में शनिवार को आयोजित संगठन की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक में जिले के सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के लगभग 50 स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन और नोडल शिक्षकों का महाजुटान हुआ। जिला कब्स कमिश्नर श्याम कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी महीनों के लिए एक व्यापक ‘एक्शन प्लान’ तैयार किया गया है।


जिले में सदस्यता अभियान और अगस्त में चुनाव का बिगुल
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन का विस्तार करते हुए जिले के अधिक से अधिक निजी और सरकारी स्कूलों को स्काउट एंड गाइड की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही सबसे बड़ा फैसला लेते हुए यह तय किया गया कि आगामी अगस्त 2026 तक जिला स्तरीय चुनाव हर हाल में संपन्न करा लिए जाएंगे। इसके लिए राज्य मुख्यालय से औपचारिक अनुमोदन लेने और चुनाव पर्यवेक्षक की नियुक्ति का प्रस्ताव तुरंत भेजने पर सहमति बनी है।
राष्ट्रपति पुरस्कार पाने वाले होनहारों का होगा सम्मान
संगठन ने छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बैठक में तय हुआ कि बीते वर्ष स्काउट एंड गाइड में सर्वोच्च ‘राष्ट्रपति पुरस्कार’ प्राप्त करने वाले जिले के गौरवशाली विद्यार्थियों के लिए जल्द एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा इसी माह (जुलाई) में ‘राज्य पुरस्कार’ के लिए विशेष जांच एवं परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मिक्स जेंडर क्रिकेट सीरीज की चैंपियन बनी चिरुडीह की सीता सोहराय एकादश, काजल आर्टिस्ट एकादश को 2-0 से हराया
शिक्षकों के लिए लगेंगे 7 दिवसीय बेसिक ट्रेनिंग कैंप
विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी दक्ष बनाने के लिए रणनीति बनी है। बैठक का संचालन कर रहे जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार और जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने बताया कि जिले के नवचयनित और सेवारत शिक्षकों के लिए एक दिवसीय ‘बिगनर्स शिविर’ और सात दिवसीय ‘बेसिक प्रशिक्षण शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रथम, द्वितीय और तृतीय सोपान के नियमित कैंप जारी रहेंगे। बैठक में मुख्य रूप से स्काउट प्रशिक्षक नीरज शुक्ला और सहायक आयुक्त मानस रंजन पात्र सहित भारी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।



