
जमशेदपुर/पोटका: पूर्वी सिंहभूम के पोटका विधानसभा क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। आने वाले दिनों में पोटका से लेकर डुमरिया तक बिजली कटौती का झंझट हमेशा के लिए खत्म होने वाला है। क्षेत्र में ‘जीरो कट’ (Zero Power Cut) आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पांडरासोली में करोड़ों रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक ‘लाइन हब’ (Line Hub) का निर्माण किया जाएगा। इस बाबत विधायक संजीव सरदार ने जमशेदपुर परिसदन में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक कर मास्टरप्लान तैयार किया है।

चाईबासा और चांडिल की मेगा लाइनों से जुड़ेगा हब
बैठक में बनी तकनीकी सहमति के अनुसार, इस महात्वाकांक्षी योजना के तहत चाईबासा से आने वाली पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन (PGCIL) की 400/220 केवी लाइन और चांडिल से आने वाली झारखंड ऊर्जा संचरण निगम (JUSNL) की 400/220 केवी लाइन को आपस में कनेक्ट किया जाएगा। इस इंटर-कनेक्शन से पांडरासोली में एक शक्तिशाली ‘पावर जंक्शन’ तैयार होगा। ऊर्जा विशेषज्ञों के मुताबिक, इस महा-परियोजना के धरातल पर उतरते ही पोटका इलाके में दशकों पुरानी लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या जड़ से समाप्त हो जाएगी।
हाता, मुसाबनी से घाटशिला तक 6 प्रखंडों को सीधा फायदा
पांडरासोली में बनने वाले इस लाइन हब का दायरा बेहद व्यापक होगा। इसका सीधा असर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के कई इलाकों पर पड़ेगा। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद हाता, पोटका, डुमरिया और मुसाबनी के अलावा राजनगर तथा घाटशिला क्षेत्र के लाखों उपभोक्ताओं को 24 घंटे हाई-वोल्टेज बिजली मिलने लगेगी। निर्बाध बिजली मिलने से न सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं को गर्मी से राहत मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लघु उद्योगों और सिंचाई आधारित कृषि को भी नई ताकत मिलेगी।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर में ‘ब्रेन मलेरिया’ का कहर, MGM और सदर अस्पताल पहुंचे उपायुक्त राजीव रंजन; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
‘जनता को 24 घंटे बिजली देना मेरी जिद’: संजीव सरदार
समीक्षा बैठक के बाद विधायक संजीव सरदार ने स्पष्ट किया कि पोटका की जनता को गुणवत्तापूर्ण और 24×7 बिजली देना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “किसी भी क्षेत्र का आर्थिक विकास वहां के ऊर्जा ढांचे पर निर्भर करता है। हम केवल आज की नहीं, बल्कि आने वाले 25 सालों की जरूरतों को देखकर यह इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करवा रहे हैं।” विभाग को इस प्रोजेक्ट की कागजी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।


