
जमशेदपुर।
कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी में जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिला उपाध्यक्ष बबलू झा ने शनिवार को एआईसीसी के पर्यवेक्षक अनंत पटेल के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के दौरान माहौल सादगीपूर्ण रहा। बबलू झा ने कहा कि कांग्रेस उनके डीएनए में है और यदि उन्हें जिला अध्यक्ष बनने का अवसर मिलता है तो वे युवाओं के जोश, बुजुर्गों के आशीर्वाद और जनता के प्यार से कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुँचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य राहुल गांधी एवं कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जिले के हर गली, चौक-चौराहे, मोहल्ले और पंचायत तक ले जाना है।
बबलू झा ने कहा, “हमारी प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना है। यदि पार्टी हमें जिम्मेदारी देती है तो हम पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस को जिले में और मजबूती देंगे।”
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि पार्टी ओबीसी वर्ग से अध्यक्ष पद का चयन करती है, तो उनके अनुसार युवाओं की धड़कन कहे जाने वाले धर्मेंद्र सोनकर इस पद के लिए उपयुक्त विकल्प होंगे।
जिला कांग्रेस में अध्यक्ष पद की रेस को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। संगठन सृजन कार्यक्रम के जरिए पार्टी नए नेतृत्व को सामने लाने की कोशिश कर रही है, ताकि आगामी चुनावों में कांग्रेस मजबूती से खड़ी हो सके।


