
जमशेदपुर: गोलमुरी बाजार क्षेत्र में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं के विरोध में आज गोलमुरी बाजार समिति के शंकर अग्रवाल और सुभाष काले के आह्वान पर पूरा बाजार बंद रहा। बीते 24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों द्वारा की गई दुस्साहसिक डकैती और उसके अगले ही दिन बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की घटना के बाद व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।
READ MORE :Jamshedpur News :रेस्तरां में दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग से दहशत, विधायक सरयू राय ने पुलिस को दिया अल्टीमेटम
व्यापारियों के साथ बाजार का भ्रमण और संवाद
बाजार बंद के दौरान भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय के नेतृत्व में भाजपा नेता दिनेश कुमार ने दुकानदारों एवं व्यापारियों के साथ गोलमुरी बाजार का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी चिंताओं तथा क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर उनकी अपेक्षाओं की जानकारी ली।
बाजार समिति के आह्वान पर बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें स्वतः बंद रखकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों की प्रमुख मांगों में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाना, संवेदनशील बाजार क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करना तथा आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी शामिल है।
READ MORE :Jamshedpur News :मरीन ड्राइव पर बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट सरेआम फायरिंग,3 घायल; एक आरोपी की पहचान
प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
इस अवसर पर भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि गोलमुरी जैसे व्यस्त एवं महत्वपूर्ण बाजार क्षेत्र में लगातार दो दिनों के भीतर गंभीर आपराधिक घटनाओं का सामने आना, और पिछले कुछ महीनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाएं व्यापारियों तथा आम नागरिकों के लिए बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था की एक महत्वपूर्ण रीढ़ हैं, और उनका सुरक्षित वातावरण में निर्भय होकर व्यवसाय करना बेहद आवश्यक है। प्रशासन को पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बाजार के आसपास नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस दौरान बाजार बंद और जनसंपर्क अभियान में पप्पू उपाध्याय, अप्पा राव, अमिश अग्रवाल, बंटी अग्रवाल, मंजीत सिंह गिल, सुरेन्द्र सिंह शिंदे, लक्ष्मण बेहरा, भरत बेहरा, जशवंत सिंह, कमल गुप्ता, मोहम्मद फैयाज, मोहम्मद इकबाल, नौशाद खान, खातिब खान, सन्नी सिंह चौहान, संदीप आईच, श्रीनिवास राव, बलबीर सिंह बबलू, ऋषभ सिंह और रंजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


