
जमशेदपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में अब कुल 15,11,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन और स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 4 सितंबर 2026 तक चलेगी।


जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 2183 हुई
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा और बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले में मतदान केंद्रों (पोलिंग बूथ) की संख्या 1922 से बढ़ाकर 2183 कर दी गई है। जारी सूची के अनुसार, जिले में कुल मतदाताओं में 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला और 66 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 13,441 दिव्यांग मतदाता भी पंजीकृत हैं। सत्यापन के दौरान मृत, अनुपस्थित और स्थानांतरित लगभग 3,95,439 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
दावा और आपत्ति के लिए 4 सितंबर तक का समय
नागरिक 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची में सुधार या नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं। 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक संबंधित पदाधिकारियों द्वारा इन आपत्तियों और दावों का निष्पादन किया जाएगा, जिसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एनआईटी जमशेदपुर ने नेशनल ग्रीन यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 में हासिल की गोल्ड रेटिंग, देश में 28वां स्थान
मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष जागरूकता शिविर
मतदाताओं की सुविधा के लिए 8 व 9 अगस्त और 22 व 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बीएलओ (BLO) मौजूद रहकर सीधे आवेदन प्राप्त करेंगे। इसके अलावा 25 अगस्त से 4 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर (होम-टू-रोल) सत्यापन करेंगे। नागरिक अधिक जानकारी के लिए चुनाव आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 या ECINET मोबाइल ऐप का भी उपयोग कर सकते हैं।

