
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के लोगों को अब किडनी, मूत्र रोग (यूरोलॉजी) और पथरी जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। शहर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल की दूसरी मंजिल पर ‘डॉ. डी.के. मिश्रा नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर’ (Nephro Urology and Stone Center) के अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भव्य उद्घाटन किया गया। शनिवार को यह उद्घाटन श्रीमती रंजना मिश्रा के करकमलों द्वारा विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक, समाजसेवी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


READ MORE :Jamshedpur News :डॉ. डीके मिश्रा यूरोलॉजी अस्पताल का उद्घाटन 26 को
विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं अब एक ही छत के नीचे
अस्पताल के संस्थापक और वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. डी.के. मिश्रा ने बताया कि इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य जमशेदपुर और कोल्हान सहित आसपास के मरीजों को एक ही छत के नीचे विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराना है। अब मरीजों को जटिल जांच और सर्जरी के लिए रांची, कोलकाता या दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह 20 बेड वाला एक पूर्णतः वातानुकूलित (AC) अस्पताल है। यहां मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, आधुनिक ओपीडी, इंडोर सेवाएं और अत्याधुनिक यूरोलॉजी व जनरल सर्जरी ऑपरेशन थिएटर (OT) जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इन गंभीर बीमारियों का होगा अत्याधुनिक तकनीक से इलाज
करीब 35 वर्षों के लंबे चिकित्सकीय अनुभव वाले डॉ. मिश्रा के अनुसार, अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा जिससे मरीजों को कम दर्द हो, वे जल्दी रिकवर कर सकें और परिणाम बेहतर हों। यहां मुख्य रूप से:
किडनी और मूत्राशय की पथरी का आधुनिक उपचार
एंडो-यूरोलॉजिकल सर्जरी और लेजर सर्जरी
प्रोस्टेट (Prostate) संबंधी रोगों का विशेष इलाज
यूरोलॉजिकल कैंसर का उन्नत तकनीक से उपचार किया जाएगा।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :जन कल्याण मोर्चा की बैठक,NIT का नाम बदलने और जर्जर सड़कों पर टोल टैक्स बंद करने की मांग
साकची स्थित पुरानी ओपीडी भी पूर्व की तरह रहेगी जारी
डॉ. मिश्रा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1995 में तत्कालीन दक्षिण बिहार (अब झारखंड) में यूरोलॉजी विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं और अब तक हजारों मरीजों का सफल इलाज कर चुके हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि साकची स्थित श्री शीतला मंदिर के समीप (तनिष्क शोरूम के नीचे) संचालित उनकी पुरानी ओपीडी पूर्व की तरह नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि पुराने मरीजों को असुविधा न हो।
उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से डॉ. बलराम झा, डॉ. एस.पी. सिन्हा, डॉ. हरप्रीत सिंह, दशरथ काउंटिया, अनिल अग्रवाल और रविन्द्र कुमार झा (नट्टू झा) समेत शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने अस्पताल का भ्रमण कर इसे जमशेदपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र (Health Care) के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।



