
आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में रविवार (26 जुलाई) को सामाजिक संगठन ‘जन कल्याण मोर्चा’ और ‘आदित्यपुर अधिवक्ता संघ’ की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक संपन्न हुई। जन कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष और अधिवक्ता संघ के मुख्य संरक्षक ओम प्रकाश की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर की कई गंभीर जनसमस्याओं और बुनियादी विकास के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक का सफल संचालन अधिवक्ता सुनील कुमार स्वाईं ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष डी.एन. ओझा ने किया। बैठक में शहर के हित में कई बड़े और अहम फैसले लिए गए।


READ MORE :Jamshedpur News :डीएवी बिष्टुपुर के 259 सुपर अचीवर्स सम्मानित
31 जुलाई तक वाटर प्लांट चालू नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
बैठक में सीतारामपुर 30 MLD वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को 15 जुलाई 2026 तक चालू न कर पाने के लिए जुडको (JUIDCO) और जिंदल कंपनी की वादाखिलाफी की घोर निंदा की गई। हालांकि, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह द्वारा पेयजल संकट का स्वतः संज्ञान लेते हुए 31 जुलाई तक का सख्त अल्टीमेटम देने के लिए संस्था ने उनका आभार व्यक्त किया। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 जुलाई तक प्लांट चालू नहीं होता है, तो आगे की रणनीति तय कर कड़ा कदम उठाया जाएगा। इसके साथ ही, सापड़ा स्थित 60 MLD प्लांट के निर्माण और घर-घर कनेक्शन देकर दिसंबर 2026 तक हर हाल में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए डीसी और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जर्जर टोल सड़कों से टैक्स वसूली पर तत्काल लगे रोक
क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। मोर्चा ने कहा कि आदित्यपुर-कांडरा, कांडरा-सरायकेला, कांडरा-चांडिल और कांडरा-चौका पथ निर्माण विभाग की टोल सड़कें पूरी तरह से जर्जर हो चुकी हैं। इन खराब सड़कों पर लोगों की जान जा रही है, इसलिए सरकार को तत्काल प्रभाव से इन मार्गों पर टोल टैक्स (Toll Tax) वसूली बंद कर देनी चाहिए। इसके अलावा, आदित्यपुर नगर निगम के अधूरे सीवेज सिस्टम के कारण सड़कों पर बह रहे गंदे पानी की समस्या को जल्द दुरुस्त करने की मांग भी की गई।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :जन कल्याण मोर्चा ने किया सापड़ा प्लांट का निरीक्षण
NIT और आकाशवाणी का नाम बदलकर हो ‘आदित्यपुर’
बैठक में क्षेत्र की भौगोलिक और औद्योगिक पहचान को लेकर एक बड़ा मुद्दा उठाया गया। मोर्चा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि ‘NIT College Jamshedpur’ का नाम बदलकर ‘NIT College Adityapur’ किया जाए, क्योंकि यह सरायकेला-खरसावां जिले के अंतर्गत आदित्यपुर में स्थित है। चूंकि आदित्यपुर एशिया का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है और इसकी अपनी राष्ट्रीय पहचान है, इसलिए ‘आकाशवाणी जमशेदपुर’ का नाम बदलकर भी ‘आकाशवाणी आदित्यपुर’ किया जाना चाहिए।
बैठक में ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में जन कल्याण मोर्चा की उपाध्यक्ष लिली दास, सचिव मनोज पासवान, पार्षद नीतू शर्मा (वार्ड 17), पार्षद सुधीर चौधरी (वार्ड 27), अधिवक्ता विनोद कुमार, आशुतोष कुमार, मनोज कुमार दुबे, अजय कुमार सिंह, ऋषिकांत, अजय कुमार द्विवेदी, सच्चिदानंद सिंह, शशांक गांगुली, पर्यावरणविद अमरेश कुमार, लक्ष्मण प्रसाद, जवाहरलाल सिंह, प्रकाश कश्यप सहित दर्जनों प्रबुद्ध जन और समाजसेवी उपस्थित रहे।


