
जमशेदपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों और युवाओं की सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पटना में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय NSS सम्मेलन-2026 में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय ने भी सहभागिता की। कुलपति प्रो. इला कुमार के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय की NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डी. पुष्प लता ने सम्मेलन में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
दो दिवसीय यह सम्मेलन 21 और 22 सितंबर 2026 को एसएस कॉलेज, पटना में आयोजित किया गया। इसका आयोजन NSS क्षेत्रीय निदेशालय, पटना, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा MY Bharat के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
READ MORE :CHAIBASA NEWS: राज्य स्तरीय NSS सम्मेलन में कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने लिया भाग
52 विश्वविद्यालयों के NSS प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
सम्मेलन में बिहार के 30 विश्वविद्यालयों और झारखंड के 22 विश्वविद्यालयों के NSS प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान दोनों राज्यों में NSS के माध्यम से संचालित सामाजिक, सामुदायिक और युवा-केंद्रित गतिविधियों, उपलब्धियों तथा विभिन्न कार्यप्रणालियों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य NSS से जुड़े पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे अपने अनुभव, नवाचार और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों को एक-दूसरे के साथ साझा कर सकें।
मंत्री श्रवण कुमार ने किया सम्मेलन का उद्घाटन
सम्मेलन का उद्घाटन ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने किया। इस अवसर पर NSS के क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार, एसएस कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत, विभाग के निदेशक विकास कुमार और पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अबु बकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन सत्र में मंत्री ने NSS को युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक संवेदनशीलता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान, ‘एक पेड़ मां के नाम’, जल-जीवन-हरियाली सहित विभिन्न सामाजिक अभियानों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :करीम सिटी कॉलेज के पूर्व छात्र रवि राज मुर्मू को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
New Age Volunteerism पर हुआ विशेषज्ञ सत्र
सम्मेलन के पहले दिन ‘State Wise NSS PPT Presentation’ के माध्यम से बिहार और झारखंड में NSS की गतिविधियों और विभिन्न कार्यप्रणालियों को प्रस्तुत किया गया।
इसके बाद New Age Volunteerism, जमीनी स्तर पर NSS गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन और समूह कार्य जैसे विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने NSS कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
Viksit Bharat @2047 में NSS Youth की भूमिका पर चर्चा
सम्मेलन के दूसरे दिन ‘Viksit Bharat @2047 में NSS Youth की भूमिका – Not Me, But You से Nation First तक’ विषय पर चर्चा हुई। इसके अलावा ‘Role of Youth in Viksit Bharat @2047’ और PFMS & TSA Hybrid Model पर भी विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए।
विभिन्न समूहों ने NSS से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान जमीनी स्तर पर NSS की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव और कार्ययोजनाएं भी साझा की गईं।
प्रमाण-पत्र वितरण के साथ सम्मेलन का समापन
दो दिवसीय सम्मेलन का समापन प्रमाण-पत्र वितरण, समूह फोटो और प्रतिभागियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान के साथ हुआ। सम्मेलन के दौरान बिहार और झारखंड के विभिन्न विश्वविद्यालयों के NSS पदाधिकारियों, कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने तथा बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने का अवसर मिला।
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. डी. पुष्प लता की सहभागिता के माध्यम से विश्वविद्यालय की NSS गतिविधियों को राज्य स्तरीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी मिला।


