नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर कचरा वाहन को लोगो ने किया रवाना*
जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार के लगातार प्रयास और विधानसभा में दो बार मुद्दा उठाने के बाद बागबेड़ा कॉलोनी में घर-घर डोर-टू-डोर कचरा उठाव सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल से कॉलोनी में स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम की शुरुआत बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 1 स्थित हिल टॉप स्कूल के समीप से हुई, जहां पारंपरिक तरीके से नारियल फोड़कर और अगरबत्ती दिखाकर कचरा वाहन को रवाना किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर खुशी जाहिर की और इस पहल का जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद टीम द्वारा घर-घर जाकर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित किया गया, साथ ही वाहन में भी उसे पृथक रखा गया। अभियान के तहत रोड नंबर 1 से लेकर रोड नंबर 6 तक सभी घरों से कचरा उठाया गया और निर्धारित स्थान पर उसका निष्पादन किया गया।
अब यह सेवा प्रतिदिन संचालित होगी। स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इस पहल को बागबेड़ा कॉलोनी के लिए स्थायी समाधान बताते हुए विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों में कॉलोनी के कचरा मुक्त होने को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश भी उपस्थित रहे और उन्होंने स्थानीय निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में झामुमो जमशेदपुर प्रखंड सचिव जगत माड़ी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया उमा मुंडा, मायावती टुडू, धनुमुनी माड़ी, नीनु कुदादा, ग्राम प्रधान चुनका माड़ी, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उप मुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य सीमा पांडे, कुमुद रंजन सिंह, विशाल कुमार, बागबेड़ा कांग्रेस मंडल अध्यक्ष राज नारायण यादव, केडी मुंडा, झामुमो इकाई अध्यक्ष संजय महतो, फते लोहार, बनारस दास, पंचायत सचिव चंद्र मोहन सोरेन, अलविना तिर्की सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





