
जमशेदपुर ।


सोनारी स्थित संगम विहार में श्याम भटली परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा मासिक श्याम कीर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में अग्रवाल परिवार की ओर से संजना और संजय अग्रवाल ने यजमान के रूप में पूजा अर्चना की। श्याम बाबा के भजनों की ऐसी अमृत वर्षा हुई कि वहां मौजूद हर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठा और पूरा माहौल जयकारों से गूंज गया।
भजनों की अमृत वर्षा और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति
गणेश वंदना के साथ शुरू हुआ यह भजनों का कार्यक्रम देर रात तक चला। स्थानीय भजन गायक महावीर अग्रवाल, नीरज जालान, लिप्पु शर्मा, सक्षम पलसानिया, रोहित गुलाटी, उमेश खीरवाल और लक्ष्य आगीवाल ने अपनी सुमधुर आवाज से समां बांध दिया। गायकों ने “गिरधर मेरे मौसम आया धरती के श्रृंगार का”, “बांस की बांसुरी पर घनो इतरवा”, “शरण तुम्हारी जो मिल गयी है सांवरे”, “श्याम धणी को आयो रे बुलावा”, और “नीला मनै श्याम से मिला दें” जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। इन भजनों की रसधार में भक्त खुद को रोक नहीं पाए और जमकर नृत्य किया।
भव्य दरबार, अखंड ज्योत और छप्पन भोग ने मोहा मन
कीर्तन महोत्सव से पहले शाम 7.30 बजे बाबा श्याम की विधिवत पूजा शुरू हुई। आचार्य रामजी पारिक ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न कराई और सभी भक्तों को रक्षा सूत्र बांधा। इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण श्याम बाबा का अलौकिक और भव्य दरबार रहा। भगवान को 56 व्यंजनों (छप्पन भोग) का प्रसाद चढ़ाया गया। इसके साथ ही अखंड ज्योत जलाई गई और अंत में भक्तों के बीच श्याम रसोई प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे ग्रहण कर श्रद्धालु निहाल हो गए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: साकची के आनंदेश्वर शिव मंदिर में भव्य सामूहिक रुद्राभिषेक, सावन में हर सोमवार को सजेगा दरबार
आयोजन को सफल बनाने में इनका रहा अहम योगदान
इस धार्मिक कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में श्याम भटली परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट के कई सदस्यों ने महती भूमिका निभाई। इनमें राजेश पसारी, सुधीर अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, विमल गुप्ता, अनीता, आशा, सोनी, खुशबू, बिंदु, विनीता, ममता और राशिका आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


