
चाईबासा।


पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) के पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय बोर्ड बैठक (Inter State Board Meeting) का आयोजन किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कोल्हान क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) अनुरंजन किस्पोट्टा ने की। इस उच्च स्तरीय बैठक में झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई डीआईजी और पुलिस अधीक्षक (SP) शामिल हुए, जिसमें सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर मंथन किया गया।
नक्सलवाद के खिलाफ संयुक्त अभियान की रणनीति
बैठक का मुख्य फोकस तीनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नक्सली दस्तों पर लगाम लगाना था। अधिकारियों ने वर्तमान में सक्रिय नक्सली गतिविधियों से जुड़ी खुफिया जानकारी और आसूचना का एक-दूसरे के साथ साझा आदान-प्रदान किया। इसके साथ ही, इन सक्रिय नक्सली दस्तों के खिलाफ एक प्रभावी और संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान चलाने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, ताकि सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके।
मादक पदार्थ और पशु तस्करी पर लगेगी लगाम
नक्सलवाद के अलावा, बैठक में मादक पदार्थों (Drugs) और पशु तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर भी प्रमुखता से चर्चा हुई। तीनों राज्यों की पुलिस ने इन अवैध गतिविधियों की रोकथाम और इसमें संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर आपसी सहमति जताई है। अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए भविष्य में निरंतर सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा, जिससे तस्करों को किसी भी राज्य में पनाह न मिल सके।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: नीलकंठ महादेव संघ ने भूमि पूजन के साथ किया भव्य आयोजन का शुभारंभ, 10 अगस्त को सजेगी दसवीं विशाल भजन संध्या
बैठक में इन शीर्ष अधिकारियों ने लिया हिस्सा
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में राउरकेला (ओडिशा) के डीआईजी ब्रजेश कुमार राय, बांकुड़ा रेंज (पश्चिम बंगाल) के डीआईजी अभिषेक मोदी, जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम बकारिब, पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु, और सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज कुमार स्वर्गियारि शामिल हुए।
इनके अलावा, ग्रामीण एसपी जमशेदपुर शुभम कुमार खण्डेलवाल, नगर एसपी जमशेदपुर ललित मिणा, क्योंझर एसपी नीतीन दागदु कुशालकर, मयूरभंज एसपी वरूण गुंटुपल्ली, राउरकेला एसपी नीतेश वाधवानी, सुंदरगढ़ एसपी अमृतपाल कौर, झारग्राम एसपी सन्नी कुमार राज, पुरुलिया एसपी मानव सिंगला, खूंटी के एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा और सिमडेगा के डीएसपी रणबीर सिंह ने भी इस अहम बैठक में हिस्सा लेकर अपनी रणनीति साझा की।



