
JAMSHEDPUR
प्रशासनिक सुस्ती पर भड़के उपायुक्त राजीव रंजन
जमशेदपुर जिला मुख्यालय से दूर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उपायुक्त राजीव रंजन अचानक चाकुलिया अंचल एवं प्रखंड कार्यालय पहुंचे। उनके इस औचक निरीक्षण से पूरे प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल फाइलों का रखरखाव नहीं, बल्कि आम जनता को ससमय सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: राहुल बच्चा हत्याकांड का मुख्य आरोपी शब्बे पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
जमशेदपुर जिला प्रशासन का SIR-2026 अभियान पर जोर
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पाया कि कई क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन की रफ्तार धीमी है। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सख्त निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, BLO ऐप के माध्यम से डेटा एंट्री और डिजिटाइजेशन के कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने को कहा ताकि जमशेदपुर जिले का कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
दाखिल-खारिज और परिमार्जन के लंबित मामलों पर कड़ा रुख
अंचल कार्यालय की समीक्षा के दौरान भूमि से जुड़े मामलों जैसे दाखिल-खारिज (ऑनलाइन म्यूटेशन), परिमार्जन, अतिक्रमण और आपसी भूमि विवाद के मामलों की लंबी फेहरिस्त देखकर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए जमशेदपुर या प्रखंड कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। सभी लंबित आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निष्पादन किया जाए। बिचौलियों पर लगाम कसने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की हिदायत भी दी गई।
READ MORE..RANCHI NEWS :जेन-जी और छोटे शहरों के ग्राहकों ने बदली फूड कॉमर्स की तस्वीर, फ्लिपकार्ट की फूड कैटेगरी 50 प्रतिशत बढ़ी
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास योजनाओं का लाभ
राजीव रंजन ने विभिन्न विभागीय और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को केवल दफ्तर में न बैठकर नियमित रूप से फील्ड विजिट और जमीनी मॉनिटरिंग करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, घाटशिला के एसडीओ, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचलाधिकारी (CO) सहित जमशेदपुर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी को टीम भावना से काम करते हुए आम जनता की शिकायतों का त्वरित निवारण करने को कहा।


