
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नगर निकायों की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर निकायों द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, शहरी आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को काम में तेजी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
PM Awas Yojana (Urban): 644 लाभुकों को शिफ्ट करने की तैयारी
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: मानगो में जलस्रोतों में कचरा फेंकने पर होगी कार्रवाई, जारी किए कड़े निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान उप नगर आयुक्त, जेएनएसी ने बताया कि संपर्क पथ निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही दो ब्लॉक का निर्माण भी संपन्न हो चुका है, जिसमें 644 लाभुकों को शिफ्ट किया जाना है। अब तक 192 लोगों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। उपायुक्त राजीव रंजन ने नाली निर्माण कार्य को 31 मई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने तथा शेष लाभुकों को भी जल्द से जल्द बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
गर्मी में यात्रियों की सुविधा और पेयजल संकट पर फोकस
शहर के विभिन्न बस स्टॉप की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को बस स्टॉप चिन्हित कर आवश्यकतानुसार मरम्मती कार्य कराने का निर्देश दिया, ताकि भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो। मानगो नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 22 ड्राई जोन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 12 क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है। उपायुक्त ने एमजीएम अस्पताल (MGM Hospital) में भी निर्बाध पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शेल्टर होम में बुनियादी सुविधाएं और स्ट्रीट डॉग प्रबंधन
शहरी बेघरों के लिए संचालित शेल्टर होम की समीक्षा में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि वहाँ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पंखों की मरम्मती जैसी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा, बैठक में स्ट्रीट डॉग प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। जेएनएसी क्षेत्र में वर्तमान में डॉग शेल्टर संचालित है। उपायुक्त ने अन्य नगर निकायों में भी शीघ्र स्थल चयन कर डॉग शेल्टर प्रारंभ करने तथा स्ट्रीट डॉग के वैक्सीनेशन अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
वर्षा पूर्व तैयारियां और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता
बैठक में स्ट्रीट लाइट की कार्यशीलता, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, नाला सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और मानसून से पहले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। बैठक में अपर नगर आयुक्त जेएनएसी समेत अन्य सभी नगर निकायों के सभी सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, सीएमएम और अभियंता उपस्थित रहे।


