जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने इसे जनभावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
READ MORE :JEE Mains 2026 Result 2026 : जेईई मेन्स में आरपीएम का दबदबा ,अतुल्य राज गुप्ता बने टॉपर
मारवाड़ी समाज की प्रमुख मांग
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि जमशेदपुर एक प्रमुख औद्योगिक नगरी है, जहां राजस्थान मूल के परिवारों और व्यापारियों की बड़ी आबादी निवास करती है। उन्होंने ‘मारवाड़ी सम्मेलन’ साकची शाखा द्वारा दिए गए ज्ञापन को भी पत्र के साथ संलग्न किया है, जिसमें जयपुर तक सीधी रेल सेवा की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
धार्मिक यात्राओं में सुविधा
पूर्णिमा साहू ने कहा कि राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर, सालासर बालाजी मंदिर, अजमेर शरीफ दरगाह, जयपुर, जोधपुर और झुंझुनूं जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के लिए जमशेदपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु वर्षभर यात्रा करते हैं। सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से उन्हें काफी सुविधा मिलेगी।
READ MORE :Jamshedpur News:न्युवोको का ज़ीरो एम ट्रिपल शील्ड पुट्टी लॉन्च, दीवारों को मिलेगी तीन-स्तरीय सुरक्षा
शिक्षा के लिए कोटा जाने वाले छात्र
विधायक ने राजस्थान के कोटा शहर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश का प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जाते हैं। वर्तमान रेल व्यवस्था उनकी जरूरतों को पूरी तरह पूरा नहीं कर पा रही है।
यात्रियों को हो रही असुविधा
उन्होंने पत्र में लिखा कि सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को दिल्ली या अन्य स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि जनहित और क्षेत्र की बड़ी आबादी की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटानगर से जयपुर तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ करने के प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र निर्णय लिया जाए।





