
जमशेदपुर।
जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के विकास और रेलवे संबंधी विभिन्न समस्याओं के निवारण के लिए सांसद बिद्युत बरण महतो ने दक्षिण पूर्व रेलवे के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। घाटशिला के मऊभंडार स्थित एचसीएल के निदेशक बंगले में संपन्न हुई इस बैठक में खड़गपुर और चक्रधरपुर रेल मंडल के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के विलंब से पहुंचने की समस्या का समाधान और क्षेत्र में चल रहे विभिन्न रेलवे प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करना था।
मालगाड़ियों का दबाव घटा, अब समय पर चलेंगी यात्री ट्रेनें
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के लेट होने का था। रेल अधिकारियों ने बताया कि रेल मंत्रालय ट्रेनों के समय पालन (पंकचुअलिटी) को लेकर बेहद गंभीर है और इसकी सीधी मॉनिटरिंग की जा रही है। ट्रेनों की लेटलतीफी को दूर करने के लिए रेलवे ट्रैक पर मालवाहक ट्रेनों का दबाव कम किया गया है। चक्रधरपुर रेल मंडल में पहले प्रतिदिन लगभग 27,000 रेलवे वैगन का परिचालन होता था, जिसे घटाकर अब 23,000 कर दिया गया है। इससे यात्री ट्रेनों की समय-सारिणी में भारी सुधार आया है। सांसद बिद्युत बरण महतो ने सुझाव दिया कि टाटानगर से खुलने और समाप्त होने वाली ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि स्थानीय यात्रियों को परेशानी न हो, जिस पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
टाटानगर स्टेशन का कायाकल्प: वंदे भारत डिपो और 4 नए प्लेटफॉर्म
चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने जानकारी दी कि टाटानगर में तीन बड़े और महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास (रीडेवलपमेंट) का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही, लगभग 383.78 करोड़ रुपये की लागत से टाटानगर में ‘वंदे भारत डिपो’ का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और ट्रेनों के सुचारू परिचालन के लिए स्टेशन पर लगभग 482 करोड़ रुपये की लागत से चार अतिरिक्त प्लेटफॉर्म का निर्माण भी किया जाएगा।
ओवरब्रिज और अंडरपास के निर्माण में आएगी तेजी
सांसद महतो द्वारा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के बारे में पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि खैरबनी (लेवल क्रॉसिंग 136), गोविंदपुर (लेवल क्रॉसिंग 137) और बारीगोड़ा (लेवल क्रॉसिंग 138) के लिए टेंडर जारी हो चुके हैं। 14 तारीख को टेंडर खुलने के बाद रेलवे अपने खर्च पर इनका निर्माण शुरू करेगा। टाटा-बादामपहाड़ रेलवे लाइन (टीबी-1) पर भी ओवरब्रिज के लिए सर्वे पूरा हो गया है। इसके अलावा, सलगाजोड़ी रेलवे स्टेशन के पास बन रहा अंडरपास अप्रैल-मई तक पूरा होकर आम जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा। धालभूमगढ़ में अधूरे फुट ओवरब्रिज का काम भी जल्द शुरू होने की बात कही गई।
अंत्योदय और क्रिया योग एक्सप्रेस पर सकारात्मक चर्चा
यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सांसद महतो ने कोरोना काल में बंद हुई अंत्योदय एक्सप्रेस को एसी और स्लीपर कोच जोड़कर पुनः शुरू करने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने सहमति जताई। चाकुलिया स्टेशन पर क्रिया योग एक्सप्रेस के ठहराव को फिर से बहाल करने पर भी सकारात्मक आश्वासन मिला। बड़कोला में रेलवे हॉल्ट के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड भेजने और सिदिरसाई स्टेशन के सौन्दर्यीकरण का टेंडर जारी होने की भी पुष्टि की गई। चाकुलिया-बूढ़ामारा रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण का काम ओडिशा, बंगाल और झारखंड में पूरा कर लिया गया है और अंडरब्रिज निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है।
इस अहम बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे के सहायक महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार, पीसीसीएम नवीन चंद्र, खड़गपुर एडीआरएम देवजीत दास, चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया, सीनियर डीसीएम निशांत कुमार एवं आदित्य चौधरी, सीनियर डीओएम प्रभात प्रसाद एवं मनीष पाठक, सीनियर डीईएन आशीष कुमार मौजूद रहे। साथ ही भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष सत्या तिवारी, संजीव कुमार, दिनेश साव, विजय पांडे, रोहित सिंह, साकेत अग्रवाल और लक्ष्मण राव भी उपस्थित थे।


