
जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के सुवर्णरेखा नदी स्थित गांधी घाट पर शनिवार शाम नदी के तेज बहाव में बह गई 13 वर्षीय पूनम कुमारी उर्फ पूजा का शव रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने बरामद कर लिया। करीब 45 मिनट की तलाश के बाद गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है।
बताया गया कि शनिवार को जिउतिया पूजा के दौरान पूनम अपनी बहन आयुषी उर्फ ज्योति के साथ नदी में नहाने गई थी। इसी दौरान दोनों बहनें तेज बहाव की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने आयुषी को नदी से बाहर निकाल लिया, जबकि पूनम लापता हो गई थी। आयुषी का इलाज एमजीएम अस्पताल में जारी है।
READ MORE :Jamshedpur News :जिउतिया पर्व पर पसरा मातम, मानगो गांधी घाट पर नदी में डूबीं दो सगी बहनें, 9 वर्षीय पूनम लापता
एसडीओ के निर्देश पर स्थानीय गोताखोर नदी में उतरे
पूनम की तलाश को लेकर रविवार सुबह परिवार और स्थानीय लोग गांधी घाट पहुंचे। एसडीओ अर्णव मिश्रा के निर्देश पर स्थानीय गोताखोरों की एक टीम को भी मौके पर भेजा गया।साकची, मानगो और सीतारामडेरा थाना प्रभारी की मौजूदगी में गोताखोरों ने नदी में तलाश शुरू की। करीब 45 मिनट की खोज के बाद गोताखोरों ने पूनम के शव को नदी से बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्णा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद टीम ने तलाश अभियान शुरू किया।
बेटी का शव देखते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल
पूनम का शव नदी से बाहर निकाले जाने के बाद उसकी मां राखी देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लिए यह क्षण बेहद भावुक रहा।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। हालांकि, परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने का विरोध कर रहे हैं।
बन्ना गुप्ता ने गोताखोरों की आर्थिक मदद की
सूचना मिलने के बाद पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी गांधी घाट पहुंचे। उन्होंने बच्ची के शव को बरामद करने वाले स्थानीय गोताखोरों को आर्थिक सहायता दी और उनके प्रयास की सराहना की।बन्ना गुप्ता ने कहा कि किसी परिवार के लिए बच्चे को खो देना सबसे बड़ा दुख होता है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: मानगो नदी में 9 वर्षीय पूनम लापता, NDRF और गोताखोर बुलाने की मांग पर मानगो पुल जाम
तत्काल सहायता टीम बनाने की मांग
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पूनम के शव बरामद होने पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तत्परता और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्ची के शव को निकाला जा सका। उन्होंने दूसरी बच्ची आयुषी के एमजीएम अस्पताल में इलाजरत होने की जानकारी देते हुए उसके बेहतर इलाज पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
सरयू राय ने ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए तत्काल सहायता टीम गठित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नदी में इस तरह की घटना होने पर सहायता टीम बिना देर किए मौके पर पहुंच सके, इसके लिए पहले से व्यवस्था तैयार रहनी चाहिए।

