
जमशेदपुर,: जिउतिया पर्व की खुशियों के बीच मानगो में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मानगो गांधी घाट के पास नदी में स्नान करने के दौरान दो बहनें तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बच्ची को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि 9 वर्षीय पूनम कुमारी तेज बहाव में बह गई। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां मानगो के समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की बेटियां हैं। जिउतिया पर्व के अवसर पर दोनों अपनी मां के साथ गांधी घाट के पास नदी में स्नान करने पहुंची थीं।
गहरे पानी में जाने के बाद तेज बहाव की चपेट में आईं बहनें
बताया गया कि स्नान के दौरान दोनों बच्चियां धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चली गईं। इसी दौरान वे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं और डूबने लगीं। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद ज्योति कुमारी को पानी से बाहर निकाल लिया गया। उसकी स्थिति को देखते हुए परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
वहीं उसकी 9 वर्षीय बहन पूनम कुमारी तेज बहाव में बह गई। स्थानीय लोगों ने नदी के आसपास उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
अंधेरा होने के बाद तलाश में आई परेशानी
पूनम की तलाश में स्थानीय स्तर पर प्रयास किए गए। लेकिन नदी में तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण खोज अभियान में परेशानी आई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग और स्थानीय लोग लगातार बच्ची की तलाश को लेकर चिंतित रहे।
हादसे की सूचना मिलने के बाद मानगो निवासी सामाजिक कार्यकर्ता विकास सिंह ने मामले की जानकारी उपायुक्त को दी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए लापता बच्ची की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:स्वर्ण रेखा घाट पर 101 आचार्यों ने कराया अज्ञात पितरों का महातर्पण, 16 वर्षों से जारी है यह निःशुल्क परंपरा
जिउतिया पर्व पर हादसे से परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद संतोष ठाकुर के परिवार में मातम पसर गया। जिस जिउतिया पर्व पर परिवार खुशी के साथ नदी स्नान के लिए पहुंचा था, वहीं हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है।
स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और पूनम कुमारी की सुरक्षित तलाश की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन और बचाव दल की ओर से आगे चलाए जाने वाले खोज अभियान पर परिवार और आसपास के लोगों की नजर बनी हुई है।

