
JAMSHEDPUR: साकची स्थित कुश भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन साहित्य प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय शाम बन गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त शृंगार रस की कवयित्री अंकिता सिन्हा की प्रस्तुतियां रहीं। उनकी ओजस्वी और भावपूर्ण रचनाओं ने प्रेक्षागृह में मौजूद हर श्रोता को मंत्रमुग्ध कर दिया।


नारी सम्मान और सामाजिक मुद्दों पर कवयित्री अंकिता सिन्हा का प्रहार
कवयित्री अंकिता सिन्हा ने मंच से शृंगार रस की अपनी मशहूर गजलों के अलावा सामाजिक बुराइयों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने नारी सम्मान, ‘बेटी बचाओ’, दहेज प्रथा और सर्व-धर्म समभाव जैसे ज्वलंत विषयों पर एक से बढ़कर एक कविताएं प्रस्तुत कीं। उनकी रचनाओं पर पूरा हॉल देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
READ MORE..Aaj Ka Rashifal:27 जुलाई 2026 सोमवार का पंचांग और राशिफल जानें माँ मातंगी ज्योतिष केंद्र के साथ
स्थानीय कवियों की रचनाओं ने बांधा समां
कार्यक्रम में कोल्हान विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद ने अपनी पहली काव्य रचना की दिलचस्प कहानी साझा की। इसके बाद उन्होंने समाज की कुरीतियों को उजागर करती अपनी चर्चित कविताएं सुनाईं। वहीं, मंच पर मौजूद कवि जवाहर लाल ने अपनी स्वरचित कविता “सृष्टि का शृंगार कैसा” प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।
सफल मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन
कवि सम्मेलन का कुशल संचालन अधिवक्ता संजय कुमार (नोटरी) ने अपने चुटीले और मझे हुए अंदाज़ में किया। उन्होंने बीच-बीच में बेहतरीन शेरो-शायरी के जरिए श्रोताओं को पूरे कार्यक्रम में बांधे रखा।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: “चोर की दाढ़ी में तिनका”, मानगो मेयर सुधा गुप्ता पर लगे आरोपों पर प्रेस सलाहकार का पलटवार, दी मानहानि की चेतावनी
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि अंकिता सिन्हा एवं लक्ष्मण प्रसाद को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में कुशवाहा संघ के अध्यक्ष शिव कुमार भक्त ने सभी अतिथियों और प्रबुद्ध नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर कुशवाहा संघ के सचिव रामकुमार सिंह, अतुल आनंद, ममता देवी, त्रियोगी नारायण सिंह, ए के सिंह, बिनोद सिन्हा, अनूप कुमार सिंह, रामानंद भक्त, अजित प्रसाद, रमेश सिंह, राजकुमार सिंह, किशोरी सिंह और नागेन्द्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग उपस्थित थे।



