
JAMSHEDPUR: झारखंड हाईकोर्ट के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गोपदेश में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने शनिवार की सुबह 10:00 बजे घाघीडीह संप्रेषण गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डालसा सचिव ने न सिर्फ व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि बच्चों के साथ खुद भी खाना खाकर भोजन की गुणवत्ता को परखा।
उनके साथ लीगल एड डिफेंस कौंसिल के चीफ अधिवक्ता विदेश सिंह और रंजना कुमारी के अलावा डालसा कार्यालय के सहायक रवि मुर्मू भी मौजूद थे। वहीं, मौके पर पैरा लीगल वालंटियर अरुण कुमार, सीमा देवी, ग्लोरिया पूर्ति एवं रामकंडेय मिश्रा उपस्थित रहे।
बेडरूम की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बाल कल्याण समिति के बच्चों के आवासीय कमरे (बेडरूम) से लेकर पोशाक और खान-पान के स्तर की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने गृहपति से बच्चों के रहन-सहन और बेडरुम की साफ-सफाई को लेकर कड़ी पूछताछ की। इसके साथ ही बच्चों को मिलने वाले फल, दूध, नॉनवेज और समय पर दवाइयों की उपलब्धता के बारे में जाना। सचिव ने स्पष्ट तौर पर पूछा कि डॉक्टर नियमित रूप से आते हैं या नहीं।
खुद रसोई घर पहुंचे सचिव, रसोइयों से की बात
डालसा सचिव सीधे उस गोदाम में पहुंचे जहाँ बच्चों के खाने-पीने की सामग्रियां रखी हुई थीं। उन्होंने खाद्य सामग्री के स्टॉक और उसकी क्वालिटी की जांच पड़ताल की। इसके बाद वे रसोई घर पहुंचे, जहां बच्चों के लिए खाना बन रहा था। खाना बनाने वाली बहनों से भोजन के स्तर की जानकारी लेने के बाद सचिव ने कहा कि वह आज इन बच्चों को दिए जाने वाले खाने को स्वयं भी ग्रहण करेंगे, ताकि भोजन के वास्तविक स्तर का पता चल सके।
बाल कल्याण समिति के पदाधिकारियों को सख्त निर्देश
इसके बाद सचिव बाल कल्याण समिति (CWC) पहुंचे, जहां उन्होंने समिति के अध्यक्ष अवधेश प्रसाद यादव और सदस्यों पवन कुमार, सीमा झा और रूबी साहू से बातचीत की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई के स्तर, क्लासरूम की व्यवस्था, खेल-कूद और योग सत्रों के बारे में जानकारी ली।
डालसा सचिव की चेतावनी: बच्चों के रहन-सहन और खान-पान में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर इसके गंभीर दुष्परिणाम हो सकते हैं। करीब 1 घंटे तक चले इस गहन निरीक्षण से संप्रेषण गृह के अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
![]()



