जमशेदपुर। चक्रवात ‘AKVAN’ और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 20 नवंबर 2026 को प्रवेश कक्षा से कक्षा पांचवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
जिला प्रशासन की ओर से 19 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने दक्षिणी झारखंड के जिलों में चक्रवात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में पूर्वी सिंहभूम को ऑरेंज जोन में चिह्नित किया गया है। जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत जारी हुआ आदेश
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत यह आदेश जारी किया है। यह आदेश जिले के सभी श्रेणी के सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों (अल्पसंख्यक विद्यालयों सहित) और निजी स्कूलों पर लागू होगा।
शिक्षकों को स्कूल आकर दर्ज करनी होगी उपस्थिति
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्षा पांचवीं तक की पढ़ाई स्थगित रहने के बावजूद विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को स्कूल में उपस्थित रहना होगा। इस दौरान उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। साथ ही ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति भी दर्ज करनी होगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों से मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक सावधानी अपनाने का आग्रह किया गया है।


