
गुरवाणी के कीर्तन से गूंज उठा टाटानगर स्टेशन परिसर

जमशेदपुर का टाटानगर स्टेशन चौक रविवार को गुरवाणी की मधुर आवाज से गूंज उठा. मौका था स्टेशन इन गेट के सामने सिख समुदाय के पंचम पातशाह, शहीदों के सरताज एवं शांति के कुंज गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी दिहाड़े को समर्पित छबील (मीठे ठंडे जल, चना एवं कड़ाह प्रसाद वितरण) के भव्य आयोजन का. शहर में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजित इस सेवा कार्य में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत में सर्वप्रथम अकाली दल के सुखदेव सिंह ने अरदास की, जिसके उपरान्त राहगीरों के बीच मीठा ठंडा जल, चना एवं कड़ाह प्रसाद का वितरण शुरू किया गया. यह सेवा दोपहर 12 बजे से शुरू होकर अपराह्न 3 बजे तक अनवरत चलती रही.
मानव सेवा की अनूठी मिसाल: राजनीतिज्ञों से लेकर पुलिस कप्तानों ने बढ़ाए हाथ
इस पुनीत सेवा कार्य के आयोजन में जमशेदपुर शहर की कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक शख्सियतें शामिल हुईं. सभी ने आम लोगों की तरह जमीन पर उतरकर राहगीरों को पानी और प्रसाद बांटा. सेवा कार्य में मुख्य रूप से जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, समाजसेवी राज कुमार सिंह, भाजपा नेता शशि कुमार मिश्रा, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी और परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार शामिल हुए.
सिख समाज के प्रतिनिधियों में सीजीपीसी के कार्यवाहक प्रधान सुखविन्द्र सिंह राजू, चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सलाहकार सुरेन्द्र सिंह शिंदे, सेंट्रल सिख नौजवान के प्रधान अमरीक सिंह, सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा की प्रधान बीबी रविन्द्र कौर और चेयरमैन कमलजीत कौर ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
तीन वर्षों से निरंतर जारी है वरिष्ठ पत्रकार चरणजीत सिंह की यह मुहिम
जमशेदपुर के वरिष्ठ पत्रकार चरणजीत सिंह की अगुवाई में यह सेवा कार्य पिछले तीन सालों से लगातार आयोजित किया जा रहा है. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने मानवता, सत्य एवं धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था. उनकी शहादत हमें निस्वार्थ सेवा, समर्पण और आपसी भाईचारे की प्रेरणा देती है.
इस दौरान अकाली दल से रामकिशन सिंह, रविंद्र सिंह, कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष मंजीत आनंद, झामुमो के युवा नेता सन्नी सिंह, सीजीपीसी के पूर्व प्रधान गुरमुख सिंह मुखे, समाजसेवी चंचल भाटिया, आगाज़ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह, हरविन्दर सिंह मंटू, अजीत गंभीर, बलजीत सिंह संसोआ, हरविंदर सिंह और जगतार नागी ने भी कतारों में लगकर लोगों की सेवा की.
दोपहर तक उमड़ती रही भीड़, राहगीरों ने की सराहना
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच टाटानगर स्टेशन से निकलने वाले यात्रियों के लिए यह छबील किसी वरदान से कम नहीं थी. दोपहर 12 से 3 बजे तक चले इस आयोजन में गणमान्य लोगों का आना-जाना लगातार लगा रहा. सेवा कार्य को सफल बनाने में शैलेंद्र कुमार मिश्रा, कुली सिंह, समाजसेवी विशाल तिवारी, संतोष चौबे, कीताडीह के पूर्व प्रधान जगजीत सिंह गांधी, अर्जुन वालिया, घाटशिला के प्रधान हरभजन सिंह, बलवंत सिंह, रमेश हांसदा, गुरमेल सिंह, मनोज कुमार, रोबिन हांसदा, अरुण मंडल, अजय सिंह और राजू सिंह सरदार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
वहीं गोलपहाड़ी गुरुद्वारा सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान परमजीत कौर, गोलपहाड़ी की ग्रंथी बीबी गुरमीर कौर, गुरमीत कौर (स्वीटी), किताडीह से दलजीत कौर, बंटी सिंह, रज्जी, तरन, रमन, गुरकिरत सिंह और अवलीन कौर के सहयोग से सैकड़ों लोगों ने शीतल शरबत ग्रहण किया और इस मानवीय प्रयास की जमकर सराहना की.



