
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया और वीडियो के माध्यम से उनका चरित्र हनन करने वाले एक कथित वीडियो पत्रकार के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। विधायक ने इस संबंध में जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। राय का आरोप है कि उक्त व्यक्ति पिछले एक महीने से उन पर लगातार आधारहीन और अनर्गल आरोप लगा रहा है। वह उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर उन्हें अवांछित मामलों से जोड़कर समाज में उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है।

READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: ब्रेड का लालच देकर कार से बकरी चुराने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, 6 बकरियों के साथ एक गिरफ्तार
बिष्टुपुर थाने में शिकायत दर्ज, सबूत देने की चुनौती
राय ने जारी एक बयान में कहा कि पहले वह कथित पत्रकार की हरकतों को नजरअंदाज कर रहे थे, क्योंकि वह परोक्ष रूप से उन्हें निशाना बना रहा था। लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसने सारी हदें पार कर दी हैं। अब वह गलत, तथ्यहीन और अधकचरी जानकारी के आधार पर सीधे हमले कर रहा है। राय ने कहा कि पुलिस प्रशासन को इस छद्म पत्रकार से उसके द्वारा लगाए गए आरोपों के सबूत मांगने चाहिए। अगर वह सबूत नहीं दे पाता है, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत चरित्र हनन और झूठ फैलाने के षड्यंत्र का आपराधिक मुकदमा चलाया जाए।
भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने पर रची जाती है साजिश
विधायक ने साफ तौर पर कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। जब भी वह जनहित में भ्रष्टाचार, घोटालों और अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाते हैं, तब-तब भ्रष्ट लोग किसी न किसी चेहरे को आगे कर उनके खिलाफ तथ्यहीन बयानबाजी करवाते हैं। राय ने अतीत का हवाला देते हुए कहा कि जब भी उन्होंने ऐसे मामलों में कोर्ट का रुख किया है, तो आरोप लगाने वालों को सजा भुगतनी पड़ी है या फिर वे अपनी वेबसाइट हैक होने जैसी झूठी दलीलें देने लगते हैं।
READ MORE..Jamshedpur News :जियोहॉटस्टार के “कैसे बनता है” शो में न्युवोको को किया गया शामिल
प्रियांशु झा को खुली चुनौती: या तो माफी मांगें या जेल जाने को तैयार रहें
राय ने अपमानजनक रील और वीडियो बनाने वाले प्रियांशु झा नामक व्यक्ति को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा, “जिसके दामन में दाग हो या जिसने मंत्री-विधायक रहते हुए भ्रष्टाचार किया हो, वह ऐसे ब्लैकमेलरों से डर सकता है। मैंने कभी कोई गलत काम नहीं किया है, इसलिए मैं ऐसे षड्यंत्रकारियों को सबक सिखाना अच्छी तरह जानता हूं।” उन्होंने कहा कि आरोप लगाने वाले या तो सबूत के साथ सामने आएं या फिर अपनी गलतबयानी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा वे कानूनी और अदालती कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।


