
Anni Amrita
जमशेदपुर.
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए कार्यरत संस्था ‘स्कूल ऑफ होप’ में गुरुवार को ‘फूलो झानो निःशुल्क बालिका शिक्षा केंद्र’ के तत्वावधान में एक प्रेरणादायी एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के माध्यम से समाज में जागरूकता और सशक्तिकरण का संदेश देना था.
इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, जमशेदपुर के ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार पाठक ने आपने संबोधन में कहा कि
“फूलो झानो जैसी योजनाएँ समाज में आशा, आत्मनिर्भरता और सम्मान की भावना को जीवित रखती हैं. विशेष बच्चों को शिक्षा और सशक्तिकरण के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना हमारा साझा कर्तव्य है.”
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की डायरेक्टर लीना अधेशरा ने की. उन्होंने School of Hope की विभिन्न शैक्षिक और सामाजिक पहलों की जानकारी दी. प्रधानाचार्या मीता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था के मिशन, उपलब्धियों और बच्चों की प्रगति पर प्रकाश डाला.
‘फूलो झानो योजना’ की संयोजिका डॉ. त्रिपुरा झा और उनकी टीम की विशेष उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण, निःशुल्क शिक्षा तथा सामाजिक परिवर्तन जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई.
कार्यक्रम में दीपावली की पूर्व संध्या पर ‘दीया सजावट’ और ‘रंगोली निर्माण’ जैसी सृजनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन हुआ, जिसमें School of Hope के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इन गतिविधियों ने पूरे वातावरण में उल्लास, रंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया.
अंत में संयोजिका डॉ. त्रिपुरा झा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि School of Hope हमेशा सामाजिक उत्तरदायित्व, समावेशी शिक्षा और मानवीय मूल्यों के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी ऐसी प्रेरक पहलों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा.






