जमशेदपुर। टेल्को स्थित हिलटॉप स्कूल की कक्षा 6 की छात्रा तपस्या चटर्जी ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित जूनियर मिस इंडिया कॉन्टेस्ट 2025-26 में शानदार उपलब्धि हासिल कर जमशेदपुर का नाम रोशन किया है। जयपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में तपस्या को “सोशल मीडिया स्टार” के खिताब से सम्मानित किया गया।तपस्या की इस उपलब्धि से स्कूल के शिक्षक, छात्र और उनके परिजन बेहद गौरवान्वित हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उन्होंने शहर के लिए गर्व का क्षण पैदा किया है।
देशभर से 172 प्रतिभागियों के बीच मिली सफलता
जूनियर मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में देश के विभिन्न राज्यों से अलग-अलग आयु वर्ग के कुल 172 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें 11 से 12 वर्ष के आयु वर्ग में 28 प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुई।इस वर्ग में तपस्या चटर्जी ने अपने आत्मविश्वास, प्रस्तुति और प्रतिभा से जजों को प्रभावित करते हुए सोशल मीडिया स्टार का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान उनके प्रदर्शन को काफी सराहना मिली।
तीन दिनों तक चला ग्रैंड फाइनल
तपस्या की माता महुआ चटर्जी ने बताया कि उन्हें इस प्रतियोगिता की जानकारी जुलाई 2025 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से मिली थी। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के जरिए तपस्या ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता का ग्रैंड फाइनल जयपुर में 6, 7 और 8 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया। पहले दिन प्रतिभागियों को विशेष ट्रेनिंग दी गई, दूसरे दिन कल्चरल राउंड और तीसरे दिन गाउन राउंड आयोजित किया गया। इन तीनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तपस्या ने सोशल मीडिया स्टार का खिताब हासिल किया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : नारायण आईटीआई लुपुंगडीह, चांडिल में जे.एन. टाटा जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई|
परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल
तपस्या चटर्जी के पिता तुहीन चटर्जी पेशे से शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता महुआ चटर्जी टाटा मोटर्स में कार्यरत हैं। बेटी की इस सफलता से पूरा परिवार और स्कूल समुदाय बेहद खुश हैस्कूल के शिक्षकों ने भी तपस्या को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती है तपस्या
तपस्या चटर्जी ने बताया कि भविष्य में वह डॉक्टर बनना चाहती हैं। उनका लक्ष्य चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज की सेवा करना और जरूरतमंद लोगों की मदद करना है।कम उम्र में मिली यह सफलता उनके आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी तथा आने वाले समय में उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।




