
जमशेदपुर: शहर के मानगो स्थित ओलीडीह ओपी (Olidih OP) थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर 1 में एक अगस्त की सुबह मार्निंग वॉक कर रही एक वृद्ध महिला से हुई सोने की चेन छिनतई के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस जघन्य अपराध में शामिल तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराधियों को हथियार, लूटे गए आभूषण और बड़ी मात्रा में नकद के साथ पकड़ा गया है।


खंडहर में बैठकर बना रहे थे NH-33 पर हथियार के बल पर लूट की योजना
पुलिस के अनुसार, एक अगस्त को हुई छिनतई की घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज (CCTV) और तकनीकी शाखा की मदद से सबसे पहले मुख्य आरोपी बादल मोहंती की पहचान की गई। इसके बाद 3 अगस्त की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वसुंधरा एस्टेट के निकट स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट के एक खंडहर क्वार्टर में तीन अपराधी छिपे हुए हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि वे नेशनल हाईवे 33 (NH-33) पर पिस्तौल के बल पर लूटपाट करने के इरादे से एकत्रित हुए थे।
बिष्टुपुर के सुनार को बेची थी महिला से लूटी गई सोने की चेन
गिरफ्तार अपराधियों ने 1 अगस्त को शंकोसाई में वृद्ध महिला से हुई चेन छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने पुलिस को बताया कि महिला से छीनी गई सोने की चेन को उन्होंने बिष्टुपुर के एक सुनार की दुकान में बेच दिया था। पुलिस इस दिशा में भी आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इन सभी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
अपराधियों के पास से जब्त सामान और उनका विवरण सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा गोली, एक सोने की चेन, एक सोने का टुकड़ा, 40,000 रुपये नकद, एक डोंगल, चार एंड्रॉइड मोबाइल और एक मिनी कीपैड फोन बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम और पते:
बादल कुमार मोहंती उर्फ बादल (26 वर्ष): पिता – संतोष कुमार मोहंती, निवासी – कालीमाटी रोड, गुरुद्वारा के पास, साकची।
हरप्रीत सिंह उर्फ रितिक (26 वर्ष): पिता – स्व. दलवीर सिंह, निवासी – गोलमुरी, वर्तमान पता – छठ घाट, मनीफिट, टेल्को।
राजा बनर्जी उर्फ बड़ा चेला (28 वर्ष): पिता – स्व. देबु बनर्जी, मूल निवासी – पुरुलिया (पश्चिम बंगाल), वर्तमान पता – शंकोसाई रोड नंबर 5, ओलीडीह, जमशेदपुर।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और अपराध नियंत्रण की दिशा में इसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


