
जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर में रविवार का दिन सिख संगत और मानवता की सेवा के नाम रहा। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के प्रधान भगवान सिंह ने अपनी पूरी टीम के साथ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और परोपकारी कार्यक्रमों में शिरकत की। गम्हरिया से लेकर सोनारी और टिनप्लेट तक हुए इन आयोजकों में शामिल होकर उन्होंने समाज को एकजुटता और ‘सरबत दा भला’ (सभी के कल्याण) का संदेश दिया।

गम्हरिया गुरुद्वारा के नए प्रधान डॉ. अमरजीत को दी बधाई
दौरे का आगाज गम्हरिया गुरुद्वारा साहिब से हुआ। यहां भगवान सिंह ने नवनिर्वाचित मुख्य सेवादार डॉ. अमरजीत सिंह से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि डॉ. अमरजीत एक प्रतिष्ठित होम्योपैथी चिकित्सक होने के साथ-साथ लंबे समय से सीजीपीसी में निस्वार्थ सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान गम्हरिया गुरुद्वारा की पूरी प्रबंधक कमेटी को पंथ की मजबूती के लिए मिलकर काम करने की शुभकामनाएं दी गईं।
‘अर्पण’ के मेगा रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को किया सलाम
गम्हरिया के बाद सीजीपीसी अध्यक्ष अमरप्रीत सिंह काले की सामाजिक संस्था ‘अर्पण’ द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मौजूदगी वाले इस ऐतिहासिक शिविर में 1500 यूनिट रक्त संग्रह के लक्ष्य को भगवान सिंह ने मानवता की सबसे बड़ी मिसाल बताया। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ‘रक्तदान से बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं हो सकता’।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: CGPC सम्मान समारोह में 78 मेधावी छात्र सम्मानित, कर्नल निखिल शरन ने सिख समाज की सेवा भावना को सराहा
भीषण गर्मी में संगत को पिलाया शरबत, तारकंपनी में टेका माथा
गर्मी के मौसम में आमजन को राहत देने के उद्देश्य से सोनारी में ‘गुरु रामदास जी सेवक जत्था’ और टिनप्लेट गुरुद्वारा कमेटी द्वारा लगाई गई ठंडे-मीठे जल की ‘छबील’ में सीजीपीसी टीम पहुंची। यहां पदाधिकारियों ने खुद अपने हाथों से राहगीरों को शरबत पिलाया।
सफर का अंतिम पड़ाव तारकंपनी गुरुद्वारा साहिब रहा, जहां साहिब श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी के प्रकाश गुरपुरब के उपलक्ष्य में विशेष गुरमति समागम चल रहा था। भगवान सिंह ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर जमशेदपुर की सुख-शांति की अरदास की। इस मैराथन दौरे में उनके साथ चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, गुरचरण सिंह बिल्ला, सुरेंद्र सिंह शिंदे, सुखदेव सिंह बिट्टू और अमरीक सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।



