
जमशेदपुर: साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (CGPC) के कार्यालय में ‘सिख विजडम अकादमी’ के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह (Annual Prize Night) का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में झारखंड बोर्ड, आईसीएसई (ICSE) और सीबीएसई (CBSE) की 10वीं व 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 78 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सोनारी आर्मी कैंप के कर्नल निखिल शरन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

‘सिख समाज में जात-पात की कोई जगह नहीं’
समारोह को संबोधित करते हुए कर्नल निखिल शरन ने सिख समुदाय के सेवा भाव की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “देश या राज्य में कभी भी आपदा की घड़ी आए, तो मदद के लिए सबसे पहले खड़ा होने वाला एकमात्र समाज सिख कौम है। यह समाज हमेशा दूसरों की मदद करने में विश्वास रखता है और इस धर्म में ऊंच-नीच या जात-पात के लिए कोई स्थान नहीं है।” अतिथियों ने मेधावी बच्चों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर उनका हौसला बढ़ाया।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में CGPC की बड़ी पहल
कर्नल शरन ने सीजीपीसी द्वारा चलाए जा रहे निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्र और छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए खोली गई ‘सिख विजडम अकादमी’ की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने भविष्य में सीजीपीसी द्वारा एक नया चैरिटी अस्पताल खोलने की प्रस्तावित योजना को समाज के लिए मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल लविश शर्मा, ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर तजिंदर कौर, लोयोला स्कूल की प्रिंसिपल चरणजीत ओहसन और समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
READ MORE :CHAIBASA NEWS: कोल्हान विश्वविद्यालय में एडमिशन की होड़; UG के लिए 14,948 आवेदन, PG में 11 जुलाई तक मौका; नोट कर लें पूरा शेड्यूल
जेईई एडवांस टॉपर और गिनीज रिकॉर्ड होल्डर्स का हुआ सम्मान
समारोह की देखरेख परविंदर सिंह सोहेल और चरणजीत सिंह ने की। एकेडमिक टॉपर्स के अलावा विशेष उपलब्धियों वाले युवाओं को भी नवाजा गया। इनमें एडवोकेट बनने पर अवलीन कौर और जेईई एडवांस (JEE Advanced) में 14023 रैंक लाने वाले नवल सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं, फिटनेस में ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ दर्ज करने वाले बलदीप सिंह व मंदीप सिंह तथा पावर लिफ्टिंग में परचम लहराने वाले हर्षवीर सिंह, सतपाल सिंह, त्रिलोक सिंह और जगजीत सिंह को भी विशेष सम्मान मिला।
इन होनहारों के चेहरों पर चमकी मुस्कान
सम्मानित होने वाले अन्य छात्रों में दलजीत सिंह, वंशिता सैनी, सुखराज सिंह, प्रभजोत कौर, गुरलीन कौर, तान्या, ज्योति, रशप्रीत, हरमनदीप, अवनीत, सामर्थ, सृष्टि, जसलीन, अमनप्रीत, तृष्मीत, सुभांजन साव, हर्षन, लावन्या, रबजोत, मनप्रीत, तरणजोत, वैष्णवी समेत कुल 78 विद्यार्थी शामिल थे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों के स्वर्णिम भविष्य की कामना की।



