जमशेदपुर। राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका में कैंसर जागरूकता अभियान चलाया गया। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच एवं इलाज के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
शुरुआती लक्षणों की पहचान जरूरी: डॉ. सुकांत सीट
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने कहा कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान होने और समय पर उचित इलाज मिलने से बीमारी पर नियंत्रण की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस का उद्देश्य लोगों को कैंसर के लक्षणों, संभावित कारणों, रोकथाम और उपचार के प्रति जागरूक करना है।
मुंह के छाले और गांठ को न करें नजरअंदाज
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने कैंसर के शुरुआती चेतावनी संकेतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुंह या जीभ पर लंबे समय तक ठीक नहीं होने वाले छाले, सफेद या लाल निशान, गले अथवा मुंह में बिना दर्द वाली गांठ और बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना ऐसे लक्षण हैं, जिनकी चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
उन्होंने कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू से दूरी बनाने, शराब का सेवन नहीं करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित कैंसर स्क्रीनिंग कराने पर जोर दिया।
कैंसर को लेकर भ्रांतियां दूर करना जरूरी
सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी वैसाखी भगत ने कहा कि समाज में कैंसर को लेकर कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं। जागरूकता के माध्यम से इन गलत धारणाओं को दूर करने की जरूरत है, ताकि लोग बीमारी के लक्षण सामने आने पर बिना झिझक चिकित्सकीय सलाह और उपचार ले सकें।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: महाबीर पाठशाला में दीपावली महोत्सव की धूम, नन्हे बच्चों ने राम-सीता बनकर दी आकर्षक प्रस्तुति
स्वास्थ्य कर्मियों का रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अनामिका सिंह, प्रखंड लेखा प्रबंधक मनोज कुमार, डाटा प्रबंधक धर्मपाल मंडल, धर्मराज महतो, बीएएफ टुनु रानी मंडल, टुकटुकी मंडल और बधाई मुर्मू सहित स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारियों का योगदान रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक रहने, शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेने और समय पर चिकित्सकीय जांच कराने का संदेश दिया गया।

