जमशेदपुर.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा चलाए जा रहे ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत जमशेदपुर महानगर के पूर्वी विधानसभा अंतर्गत बारीडीह मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। हिंदुस्तान मित्रमंडल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंगलवार से शुरू हुए इस शिविर में कुल 8 महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना था।
दीप प्रज्वलन और महापुरुषों को नमन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवर दास, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री संजीव सिंह और मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन सत्र में पार्टी के पितृपुरुष पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
मजबूत बूथ ही मजबूत सरकार की नींव: रघुवर दास
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ‘बूथ प्रबंधन’ और ‘मन की बात’ कार्यक्रम की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का मंत्र देते हुए कहा, “भाजपा की असली ताकत उसके बूथ स्तर के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। जब तक हम हर बूथ पर संगठित और जागरूक नहीं होंगे, चुनावी सफलता अधूरी रहेगी।” उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता अपने बूथ को एक परिवार की तरह संभालें और मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहें। डिजिटल युग की जरूरत पर जोर देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की भी सलाह दी।
भाजपा राजनीतिक दल नहीं, राष्ट्र सेवा का माध्यम है: संजीव सिन्हा
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने ‘भाजपा का इतिहास’ विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, “भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त माध्यम है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण में सीखी बातों को धरातल पर उतारने और केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
आठ सत्रों में आधुनिक तकनीक और विचारधारा का मिला ज्ञान
दो दिनों तक चले इस महाअभियान में कार्यकर्ताओं को कुल 8 सत्रों में प्रशिक्षित किया गया। इन सत्रों में भाजपा का इतिहास, अंत्योदय से संतृप्ति, कार्य पद्धति, कार्य विस्तार और वैचारिक अधिष्ठापन जैसे पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक—जैसे सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नमो ऐप (NaMo App) और सरल ऐप (Saral App) के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
इन प्रमुख वक्ताओं और नेताओं की रही उपस्थिति
विभिन्न सत्रों को पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव व मनोज सिंह, पूर्व प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा और जिला सोशल मीडिया संयोजक ज्ञान प्रकाश ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल सिंह, जिला आईटी सेल संयोजक बिनोद सिंह, अमरजीत सिंह राजा, काजू शांडिल, अखिलेश चौधरी, कंचन दत्ता, निर्मल गोप, पंकज प्रिय, रंजीत सिंह, रानी ठाकुर, मीरा झा, नीलम देवी, रीता शर्मा, प्रमिला साहू, मिनी सिंह, मधु शर्मा समेत कई पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




