आदित्यपुर/जमशेदपुर, :
इंटक (INTUC) की केंद्रीय महिला श्रमिक समिति (CWWC) ने बुधवार को टाटा-कांड्रा मेन रोड स्थित टोल ब्रिज के समीप नए श्रम कानूनों के विरोध में ‘साइलेंट ब्लैक डे’ मनाया. कार्यक्रम का नेतृत्व समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष देविका सिंह ने किया.
प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रमिक शामिल हुए. सभी प्रतिभागियों ने काले कपड़े एवं काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और प्लेकार्ड व नारों के माध्यम से अपनी बात रखी. इस दौरान देविका सिंह ने कहा कि नए श्रम कानूनों से श्रमिकों के अधिकार, रोजगार सुरक्षा, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से मजदूरों का शोषण बढ़ रहा है, विभिन्न क्षेत्रों का निजीकरण हो रहा है और कलेक्टिव सौदेबाजी के अधिकारों का उल्लंघन किया जा रहा है. उन्होंने इन कानूनों को वापस लेने की मांग दोहराई.
READ MORE :Jamshedpur News :बिष्टुपुर पुलिस की बड़ी सफलता, नंबर प्लेट बदलकर भाग रहा शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद
प्रदर्शन में नूरजहां वारसी (उपाध्यक्ष), शिखा चौधरी (सचिव), रिंकू राय (कोषाध्यक्ष), शशि आचार्य, रिंकू सिंह, जयंती दास, रीना महतो, गीता महतो, मैरी, जमा खान, राजा इंद्रजीत, राय जी, रुक्मिणी सरदार, बेबी, गुड्डी, मधुबाला, पंकज महतो, योगिता वर्मा समेत कई सदस्य एवं सैकड़ों श्रमिक उपस्थित रहे.
समिति ने भविष्य में भी श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीकों से अपनी आवाज़ उठाने का संकल्प दोहराया.





