
जमशेदपुर ।

बिष्टुपुर डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह की हत्या को लेकर अब सियासत पूरी तरह से गरमा गई है। मंगलवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या कोई साधारण घटना नहीं, बल्कि पुलिस संरक्षण में हुई एक जघन्य हत्या है, जिसके लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी बराबर के दोषी हैं।
औद्योगिक नगरी को अपराध नगरी बना रही है सरकार
भानु प्रताप शाही ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जमशेदपुर हमेशा से शांति और भाईचारे का शहर रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे अपराध नगरी में तब्दील कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गश्ती गाड़ी के पास से एक युवक को खींचकर चाकुओं से गोदकर मार डालना यह साबित करता है कि अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं बचा है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में न केवल अपराधियों को बल्कि वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को भी भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 के तहत हत्या का आरोपी बनाते हुए फांसी की सजा दी जाए।
जनता की सुरक्षा छोड़ वसूली में व्यस्त है पुलिस
भानु प्रताप शाही ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन का ध्यान जनता की सुरक्षा से हटकर अब सिर्फ वसूली पर केंद्रित हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में 2800 पुलिसकर्मियों के स्वीकृत पद के मुकाबले केवल 1600 जवान कार्यरत हैं, जिनमें से 500 से अधिक को रोज ट्रैफिक जांच और चालान काटने में लगा दिया जाता है। यह काम सीसीटीवी और ऑनलाइन चालान से भी हो सकता है, लेकिन अवैध वसूली के लालच में पुलिस का ध्यान कानून-व्यवस्था से भटक गया है।
SSP को चुनौती: सार्वजनिक करें अपराध के आंकड़े
पूर्व विधायक ने जमशेदपुर के एसएसपी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वे पिछले तीन महीनों में शहर में हुई हत्याओं, लूट, डकैती और चाकूबाजी के आंकड़े सार्वजनिक करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने त्वरित और ठोस कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा सड़क से लेकर सदन तक व्यापक जनआंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर ‘जमशेदपुर बंद’ का भी आह्वान किया जाएगा।
विधायक पूर्णिमा साहू ने भी साधा निशाना
इस प्रेस वार्ता में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर कभी क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी और पीस सिटी के रूप में जाना जाता था, लेकिन आज यह भय का पर्याय बन गया है। स्थिति इतनी भयावह है कि अब बच्चे तक स्कूलों में कट्टा और चापड़ लेकर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक अपराधियों में प्रशासन का खौफ नहीं होगा, तब तक ऐसी घटनाएं नहीं रुकेंगी।
इस अवसर पर जिला प्रभारी बबन गुप्ता, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद रहे। अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा जल्द ही एसएसपी से मुलाकात कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।


