
जमशेदपुर ।

बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर हुई चाकूबाजी की वारदात ने पूरे शहर का माहौल गरमा दिया है। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल करणी सेना के सरायकेला-खरसावां युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह ने सोमवार शाम टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हिमांशु की मौत की खबर फैलते ही शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और आक्रोशित समर्थकों ने जमकर बवाल काटा।
टीएमएच (TMH) में भारी हंगामा, छावनी में तब्दील हुआ अस्पताल
हिमांशु सिंह के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके परिजन और करणी सेना के समर्थक टीएमएच पहुंच गए। अस्पताल परिसर में करीब एक घंटे तक भारी हंगामा हुआ। स्थिति को बिगड़ता देख शहर के कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तत्काल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों की काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल शव को टीएमएच की मॉर्चरी में रखा गया है और मंगलवार को विशेष मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम किया जाएगा।
गोपाल मैदान गोलचक्कर पर बवाल, देर रात SSP के दखल से हटा जाम
मौत की खबर से आक्रोशित लोगों और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने बिष्टुपुर के गोपाल मैदान गोलचक्कर पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर उग्र प्रदर्शन किया और जमकर उपद्रव मचाया। उग्र भीड़ ने कई सरकारी वाहनों को अपना निशाना बनाया। उपद्रवियों ने सिटी एसपी (City SP) के वाहन के साथ-साथ कई पीसीआर (PCR) वैन पर हमला किया और एक पूर्व इनकम टैक्स कमिश्नर की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। यह जाम देर रात तक चला। रात करीब एक बजे सिटी एसपी खुद मृतक के परिजनों को बिष्टुपुर थाना लेकर गए और एसएसपी (SSP) भी वहां पहुंचे। पुलिस के आला अधिकारियों के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद लोग सड़क से हटे।
चरमराई यातायात व्यवस्था, बी-शिफ्ट के कर्मचारियों को हुई परेशानी
लंबे जाम और बवाल के कारण जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। जाम में फंसे रहने के कारण कई यात्रियों की ट्रेनें छूट गईं। वहीं, टाटा स्टील की बी-शिफ्ट से लौट रहे कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिन्हें पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से सुरक्षित बाहर निकाला। घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
वायरल वीडियो पर एक्शन:
लापरवाही के आरोप में 3 पुलिसकर्मी निलंबित दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने एक अन्य मामले में सख्त कार्रवाई की है। जिला पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 27 जून 2026 की रात डीडी बार के समीप गश्ती दल के पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन जांच के दौरान एक व्यक्ति को रोककर मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ था। जांच में ड्यूटी के दौरान घोर लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। गश्ती दल के प्रभारी एसआई (SI) शशिभूषण सिंह, एएसआई (ASI) रतन कुमार दुमर और सिपाही मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन सभी को पुलिस केंद्र, जमशेदपुर में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।



