
जमशेदपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, महान शिक्षाविद और प्रखर राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती को सोमवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर इकाई द्वारा पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाया गया। साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरीय नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छविचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अमर रहे’, ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारे लगाए। सभी ने एक स्वर में डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्र की एकता, अखंडता व विकास के लिए निरंतर कार्य करने का दृढ़ संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्ण किया ‘एक निशान, एक विधान’ का सपना: विधायक
इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी के विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत में ‘एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का ऐतिहासिक नारा दिया था और इसके लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के उस अधूरे सपने को पूर्ण रूप से साकार किया है। विधायक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके बताए राष्ट्रवादी मार्ग पर चलें और उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें।
तुष्टिकरण के खिलाफ कैबिनेट से दिया था इस्तीफा: संजीव सिन्हा
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने डॉ. मुखर्जी के जीवन संघर्ष को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की पहली सरकार ने जब देश में तुष्टिकरण की नीति पर चलना शुरू किया, तो डॉ. मुखर्जी ने अपने सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने केंद्रीय कैबिनेट से इस्तीफा देकर देश के स्वाभिमान और सांस्कृतिक रक्षा के लिए भारतीय जनसंघ की स्थापना की। संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. मुखर्जी के सपनों के सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अनवरत जुटी हुई है। उनका बलिदान आने वाली कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा।
राष्ट्र प्रथम के विचार आज भी प्रासंगिक: अभय सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन राष्ट्रहित, राष्ट्रीय स्वाभिमान और निस्वार्थ जनसेवा का एक प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के ‘राष्ट्र प्रथम’ (Nation First) के विचार वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर मातृभूमि की सेवा में सदैव समर्पित रहना चाहिए।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: एनआईटी जमशेदपुर में एनआईआरएफ एवं क्यूएस रैंकिंग पर कार्यशाला आयोजित, वैश्विक उत्कृष्टता और गुणवत्तापूर्ण शोध पर जोर
जिले के सभी 28 मंडलों में गूंजे राष्ट्रवाद के नारे
जिला मुख्यालय के साथ-साथ भाजपा जमशेदपुर महानगर के अंतर्गत आने वाले सभी 28 मंडलों में भी सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पूरे श्रद्धाभाव से मनाई गई। विभिन्न मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और शक्ति केंद्रों पर बूथ स्तर के सदस्यों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, सुधांशु ओझा, पूर्व विधायक मेनका सरदार, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, मनोज सिंह, रमेश हांसदा, संजीव सिंह, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, तन्मय झा, रेणु सिन्हा, रिंकू सिंह, संजीत चौरसिया, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, रमेश बास्के, पवन अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, प्रदीप मुखर्जी, शैलेश गुप्ता, अमिताभ सेनापति, श्वेता कुमारी, शशांक शेखर और काजू सांडिल समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


